मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, आदिवासी हूं इसलिए निशाने पर हूं : आप नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी पर बोले हेमंत, कतार में हमारी भी चर्चा
POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कैबिनेट की बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए ईडी की कार्रवाई, राज्य में जातीय जनगणना और सरना धर्म कोड सहित कई मामलों पर अपना पक्ष रखा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, मैं आदिवासी हूं इसलिए मुझे परेशान किया जा रहा है। मुझ पर आरोप लगाता है बेनामी संपत्ति का राज्य में आदिवासी ना जमीन खरीद सकते हैं ना बेच सकते हैं।
किसी के दबाने से नहीं दबने वाले
हेमंत सोरेन ने कहा, हम किसी के बढ़ाने से यहां तक नहीं आये हैं ना किसी के दबाने से हम दबने वाले हैं। आर्यभट्ठ सभागार से तस्वीर हटाए जाने के मामले पर कहा कि हर गतिविधि को राजनीतिक दृष्टिकोण से नहीं देखना चाहिए।
- Advertisement -

एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक हित के लिए
एजेंसियों का सहयोग राजनीतिक हित के लिए हो रहा है ,आप देख रहे हैं। देश और दुनिया के सामने हैं इस पर चर्चा हो रही है। हम सिर्फ संजय सिंह की बात क्यों करें। बहुत सारे लोग हैं कई तरह की चर्चा है। कई लोग कतार में हैं हमारे विषय में भी बात होती है। बेनामी संपत्ति … आप सभी को पता है कि मैं किस समूह से आता हूं। मैं आदिवासी समाज से हूं मुझ पर बेनामी संपत्ति का आरोप लगता है। जिस संपत्ति की ना खरीद होती ना बिक्री होती है, ना बैंक मदद करता हैं तो आदमी उस संपत्ति का करेगा क्या। विपक्ष के लोग कई संस्था के प्रवक्ता भी बने पड़े हैं। अपनी बौद्धिक क्षमता का उपयोग इसमें कर रहे हैं कि कैसे कमजोर वर्ग को आने से रोका जाए। यह प्रयास हर बार जारी है।
जनता दिखायेगी अपनी ताकत
लोकतंत्र में पांच साल में एक बार हर एक जनता को ताकत का अहसास कराने का वक्त मिलता है। ये वक्त जल्द आने वाला है। विशेषकर आदिवासी दलित पिछड़े लोगों को बाबा भीम राव अंबेडकर ने भी अंकित किया है कि इन वर्गों को अपने पैरों पर खड़ा होना चाहिए।
जातीय जनगणना
राज्य में जातिगत जनगणना कराने के सवाल पर हेमंत सेोरेन ने कहा, हमने पहले ही राज्यपाल महोदय को विधानसभा से पारित करके भेज रखा है कि किनको कितना आरक्षण मिलना चाहिए। सरकार यह मानती है कि जो जिस समूह में जितने हैं उनका अधिकार मिलना चाहिए। सरना धर्म कोड के मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम उचित मंच पर आवाज उठायेंगे
Report By :- AAKANSHA DUBEY, POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI