POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
आम आदमी पार्टी छोड़कर छह दिन पहले कांग्रेस में फिर से शामिल हुए डॉक्टर अजय कुमार शनिवार को दिल्ली से रांची लौटे। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा और हिटलर में कोई अंतर नहीं है। साथ ही उन्होंने कृषि बिल, हाथरस कांड और बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
डॉक्टर अजय कुमार ने कहा कि मुझे खुशी है कि मेरी घर वापसी हुई है। भाजपा और हिटलर एक समान हैं। हिटलर ने पहले मीडिया का सहारा लिया था। फिर बाद में मीडिया को दबाया था। केंद्र सरकार भी इसी तर्ज पर काम कर रही है। पत्रकारों के फोन टैप हो रहे हैं। कृषि बिल को लेकर कहा कि भाजपा दुष्प्रचार कर रही है कि बिल से किसानों को फायदा होगा। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में 15 साल पहले ये कानून आया था। वहां के किसान की स्थिति क्या है, ये किसी से नहीं छिपा है। डॉक्टर कुमार ने कहा कि मुजफ्फरपुर का किसान पुणे में जाकर लीची बेचेगा क्या?
- Advertisement -
एक साल आठ दिन के बाद कांग्रेस में दोबारा शामिल हुए डॉक्टर अजय कुमार
आईपीएस से नेता बने डॉक्टर अजय कुमार लोकसभा चुनाव के बाद आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गए थे। एक साल आठ दिन बाद वे दोबारा कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की सहमति के बाद पार्टी में उनकी वापसी हुई। साल 2011 में झाविमो से राजनीतिक पारी की शुरुआत करने वाले डॉक्टर अजय की यह चौथी राजनीतिक पारी है। डॉक्टर अजय ने कहा था कि देश में बेरोजगारी बढ़ गई है। आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। चीन भारत को असुरक्षित बना रहा है। कोरोना की स्थिति विस्फोटक है। मेरा मानना है कि कांग्रेस ही इन चुनौतियों का सामना करने में सक्षम है। कांग्रेस की विचारधारा सर्वोत्तम है। इन्हीं बातों को देखकर कांग्रेस में लौटा हूं।
झाविमो से पारी की शुरुआत की, फिर कांग्रेस और आप में गए थे
- 2010 में राजनीतिक पारी की शुरुआत बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो से की। 2011 में जमशेदपुर लोकसभा से मध्यावधि चुनाव जीत गए। 2014 में पार्टी के टिकट पर फिर लड़े, हार गए।
- 2014 में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाए गए। 17 नवंबर 2017 को प्रदेश अध्यक्ष बने। 2019 के लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद मचे बवाल के बीच 9 अगस्त को अध्यक्ष पद छोड़ दिया।
- 2019 में अब कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ने के 41 दिन बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। काफी समय से ये माना जा रहा था कि डॉक्टर अजय दिल्ली जाना चाह रहे हैं।
- 2020 डॉक्टर अजय ने कांग्रेस में वापसी के लिए सोनिया गांधी को पत्र लिखा। सोनिया ने इजाजत दे दी। इसके बाद पार्टी के सांगठनिक मामलों के प्रभारी केसी वेणुगोपाल ने आदेश जारी कर दिया।
Report By :- SHADAB KHAN, POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI