गुमला:- जारी थाना क्षेत्र में एक घर में सो रही चार साल की मासूम बच्ची काे अगवाकर दुष्कर्म किए जाने की घटना सामने आई है। घटना रविवार देर शाम की है। घटना के वक्त बच्ची की मां खाना बना रही थी, जबकि पिता दूसरे कमरे में बैठे थे। पुलिस ने उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की स्थिति खतरे से बाहर है। इधर, सोमवार को आरोपी 18 साल के अमित कुजूर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वो घटना के बाद छत्तीसगढ़ भागने की फिराक में था।
परिजन के अनुसार, बच्ची की मां उसे घर के बाहर के कमरे में सुलाकर खुद अंदर के कमरे में खाना बना रही थी। जबकि उसके पिता दूसरे कमरे में बैठे हुए थे। तभी आरोपी अमित कुजूर गुपचुप तरीके से घर में घुस गया और बच्ची को गोद में उठाकर भाग निकला।
- Advertisement -
आरोपी बच्ची को घर से कुछ दूर बांस के झाड़ में ले गया। तब तक बच्ची की नींद खुल गई और उसने चीखने-चिल्लाने की कोशिश की। मगर अमित ने उसके मुंह को हाथ से बंद कर दिया, फिर उसके साथ मारपीट करते हुए दुष्कर्म किया। इसी बीच बच्ची की चीख निकली और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद आरोपी बच्ची को वहीं छोड़ भाग निकला। हालांकि घटना के 14 घंटे के अंदर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना घटी है। घटना के बाद से आरोपी फरार था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वह छत्तीसगढ़ भागने की फिराक में था। पूछताछ के बाद ही आगे कुछ बताया जा सकता है।
Report By :- Shadab Khan (Ranchi)