हिजाब विवादः प्रदर्शन कर रही मुस्लिम महिलाओं पर पुलिस का लाठीचार्ज, बुर्कानशीं महिलाओं को दौड़ा दौड़ा कर पीटा
NEWS DESK, NATION EXPRESS, गाजियाबाद
आरोप है कि इस प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने धक्का मुक्की की जिसके बाद पुलिस ने लाठी का प्रयोग किया. पुलिस इस वीडियो की जांच कर रही है.
देशभर में जारी हिजाब विवाद के बीच हर रोज नए मामले सामने आ रहे हैं, कल बुर्का पहनी हुई एक महिला ने कैब ड्राइवर पर हमला कर दिया था। वहीं अब उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हिजाब बैन के विरोध में प्रदर्शन कर रही बुर्कानशीं मुस्लिम महिलाओं को मारते हुए पुलिसकर्मियों का एक वीडियो सामने आया है। इस मामले पर कर्नाटक हाई कोर्ट में सुनवाई की जा रही है। कर्नाटक के साथ-साथ कॉलेजों में हिजाब पर प्रतिबंध को लेकर देश के अन्य राज्यों में भी छिटपुट विरोध प्रदर्शन होते रहते हैं। पुलिसकर्मियों के इस वीडियो को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है।
- Advertisement -
जानें क्या है पूरा मामला?
वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों ने इस कार्रवाई को लेकर पुलिस की आलोचना की है, जिस पर पुलिस ने कहा है कि वह वीडियो की जांच कर रही है। पिछले रविवार को हुई इस घटना को लेकर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में पुलिस ने कहा कि उन्हें पता चला है कि कुछ 15 मुस्लिम महिलाएं बिना अनुमति के गाजियाबाद के सानी बाजार रोड पर सरकार विरोधी पोस्टर के साथ एकत्र हुई थीं। प्राथमिकी के मुताबिक जब पुलिस की एक टीम वहां पहुंची तो महिलाओं ने नारेबाजी शुरू कर दी।
प्राथमिकी में कहा गया है कि प्रदर्शनकारियों को घर लौटने के लिए मनाने की कोशिश करने वाली महिला कांस्टेबलों के साथ मारपीट की गई और प्रदर्शनकारियों के साथ मौजूद कुछ पुरुषों ने भी कांस्टेबलों को गाली देना शुरू कर दिया। एक आरोपी की पहचान रईस के रूप में हुई है, पुलिस शिकायत के अनुसार, पुरुषों ने कांस्टेबलों को भी धमकाया।

पुलिस की ओर से कही गई यह बात
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग कर रहे हैं। बुर्के में एक महिला पुलिसकर्मी को डंडे से मारने से रोकने की कोशिश करती दिख रही है। गाजियाबाद के इंदिरापुरम के एक पुलिस अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, “घटना रविवार को हुई। जब हमारी टीम गश्त कर रही थी, उन्हें 10-15 महिलाओं के विरोध के बारे में पता चला। प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए ऐसा किया गया।
Report By :- MAHIRA KHAN / SUPRIYA PANDEY, NEWS DESK, NATION EXPRESS, गाजियाबाद