जेपी नड्डा ने कहा भाजपा के नेता राजनीति में सत्ता या कुर्सी पर काबिज होने नहीं आए हैं, बल्कि हम भारत की तकदीर और तस्वीर बदलने आए हैं।
POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि झारखंड की हेमंत सरकार भ्रष्टाचार युक्त है और विकास मुक्त सरकार है। प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर के चरमराने से विकास की गति रुक गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता राजनीति में सत्ता या कुर्सी पर काबिज होने नहीं आए हैं, बल्कि हम भारत की तकदीर और तस्वीर बदलने आए हैं। उन्होंने झारखंड के नेताओं से कहा कि गोलबंदी करके सत्ता पर काबिज होना मैथमैटिक्स की बात है लेकिन हम अभी भी प्रदेश की जनता के दिलों से नहीं उतरे हैं। जेपी नड्डा सोमवार को झारखंड भाजपा की नवनिर्वाचित कार्यसमिति की बैठक को दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित कर रहे थे।
जेपी नड्डा ने कहा कि कोरोनाकाल में हम सभी इस वर्चुअल बैठक में शामिल हुए हैं जो नए तरह का अनुभव है। सारी पार्टियां इस काल में स्थिर हो गई है लेकिन भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है जो गतिशील है। उन्होंने कहा कि कोरोनाकाल में कई देशों में कन्फ्यूजन था कि जनता की जान बचाए या फिर इकोनॉमी को। लेकिन पीएम मोदी ने भारत की जनता और इकोनॉमी दोनों की चिंता की और कहा कि जान है तो जहान है। इसी के साथ उन्होंने समय रहते देश में लॉकडाउन लगाया।
जेपी नड्डा ने कहा कि जब देश में लॉकडाउन लगा था तब हमारी टेस्टिंग केपिसिटी 1500 थी, आज हमारी प्रतिदिन 11 लाख टेस्टिंग की है। उस वक्त टेस्टिंग लैब 150 थी अब 1600 के आसपास है। तब वेंटिलेटर नहीं बनता था, आज 3 लाख वेंटिलेटर प्रतिदिन भारत में बन रहे हैं। पीपीई कीट नहीं था, पीएम मोदी ने उद्यमियों को प्रेरित किया 4.5 पीपीई किट प्रतिदिन बन रहे हैं। यह भारत की ताकत है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यूनाइटेड नेशन के जनरल सेक्रेटरी ने कहा कि मोदी ने गरीबों के साथ-साथ इकोनॉमी की भी चिंता की है। नड्डा ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण पैकेज 80 करोड़ जनता को मार्च से लेकर नवंबर तक दी गई। हमारे यहां गैस चूल्हा के लिए आठ करोड़ सिलेंडर तीन महीने तक फ्री में दिया गया है। आठ करोड़ 54 लाख किसानों के खाते में दो हजार रुपए दिए गए। लॉकडाउन में 30 करोड़ बहनों के खाते में 500-500 रुपए तीन बार डाला।
नई शिक्षा नीति इंडिया की नहीं बल्कि भारत की शिक्षा नीति है: नड्डा
जेपी नड्डा ने कहा कि जब हम युवा थे तब भारत के प्रधानमंत्री राजीव गांधी थे। उनसे हम नई शिक्षा नीति के लिए लड़ते थे। अब मोदी सरकार ने नई शिक्षा नीति में मूल परिवर्तन किया है। शिक्षा नीति ऐसी बनी है कि गरीब व्यक्ति भी शिक्षा ले सकता है। भारत की शिक्षा नीति है, इंडिया की शिक्षा नीति नहीं है। बचपन से आठवीं तक पढ़ाई प्रादेशिक भाषा में होगी, इसकी व्यवस्था की गई है। परीक्षा में हम रट्टा मारते थे, आज के परीक्षा कॉन्सेप्ट आधारित होगी। उन्होंने प्रदेश भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि नई शिक्षा नीति को लेकर आप कार्यशाला लगाएं। हमें सिर्फ सिटीजन नहीं बल्कि ग्लोबल सिटिजन बनाना है, इसे समझना चाहिए।
नड्डा ने हेमंत सरकार को भ्रष्टाचार युक्त और विकास मुक्त सरकार बताया
भाजपा के केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड में हमारी सरकार नहीं है लेकिन पूर्व की सरकार ने जनता की सेवा की अच्छे काम किए। हम जनता के दिलों से नहीं उतरे हैं। उन्होंने कहा कि जब जिस प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर गड़बड़ा जाता है तब विकास तब रुक जाता है। पूर्व की भाजपा सरकार में नक्सलवाद समाप्त हो गया था। आज फिर से नक्सलवाद सिर उठा रहा है। ये तुष्टीकरण की निशानी है। हमने आदिवासियों को मुख्यधारा में शामिल किया था। आज सारे विकास के रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि झारखंड की हेमंत सरकार भ्रष्टाचार युक्त है और विकास मुक्त सरकार है। उन्होंने यहां के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि राजनेता दिशा और दृष्टि लेकर काम करता है। कोई आपसे पूछे कि आत्मनिर्भर भारत क्या है, गरीब कल्याण योजना क्या है, आयुष्मान भारत क्या है, उज्जवला योजना क्या है, सौभाग्य योजना है, स्वच्छता अभियान क्या है, राष्ट्रीय शिक्षा नीति क्या है, इन सभी का जवाब आपको बताना चाहिए।
दीपक प्रकाश ने कहा- हम चुनाव हारे हैं, मैदान नहीं, आने वाला समय हमारा है
इससे पहले वर्चुअल बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड भाजपा के अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि हम पिछले कई वर्षों से वैचारिक संघर्ष कर रहे थे। नई शिक्षा नीति के माध्यम से पीएम ने देश में अलख जगाने का काम किया है। विधानसभा चुनाव में भाजपा को 50 लाख वोट मिले। दूसरी तरफ आरजेडी, झामुमो और कांग्रेस को 52 लाख वोट मिले। दो लाख का अंतर था। भाजपा में बाबूलाल के आने से उनके छह लाख लोगों का समर्थन भाजपा में जुट गया है। अब भाजपा के पास 56 लाख का जनसमर्थन है। हम चुनाव हारे हैं, मैदान नहीं हारे हैं। आने वाला समय हमारा है।
Report By :- SHADAB KHAN, POLITICAL DESK, NATION EXPRESS RANCHI