NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
शहर में बिना परमिट के चल रहे 20 हजार डीजल-पेट्रोल ऑटो छोड़ रहे जहरीला धुआं
राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण पर रोक के लिए परिवहन विभाग ने 15 साल पुराने डीजल वाहनों पर रोक लगा रखी है। वहीं, डीजल ऑटो रिक्शा का परमिट बंद कर सीएनजी ऑटो रिक्शा को परमिट दिया जा रहा है। लेकिन, नए सीएनजी ऑटो धड़ल्ले से बिक रहे हैं और परिवहन विभाग उनका रजिस्ट्रेशन भी कर रहा है।
- Advertisement -
दूसरी तरफ बढ़ते सीएनजी ऑटो के बावजूद रांची नगर निगम क्षेत्र में सीएनजी के सिर्फ दो ही पंप है। एक डोरंडा खुखरी और दूसरा कोकर पेट्रोल पंप में। राजधानी में एलपीजी के एक भी पंप नहीं है। सरकार इन्हें बढ़ाने को लेकर प्रयास भी नहीं कर रही है। सीएनजी पंप की कमी के कारण सिर्फ रांची में 20 हजार से ज्यादा डीजल ऑटो सड़कों पर जहरीली हवा फैला रहे हैं। कारों में नहीं के बराबर सीएनजी किट लगे हुए हैं।
मार्च-अप्रैल तक हरमू, टाटीसिल्वे और बूटी में सीएनजी पंप खोलने की है तैयारी
सीएनजी पेट्रोल से 15.67 रुपए, तो डीजल से 12.06 रुपए सस्ती मिल रही है। पंपों पर सीएनजी 69.90 रुपए किलोग्राम हैं। वहीं, डीजल 81.96 रुपए तो पेट्रोल 85.57 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। छोटा ऑटो 50-60 और बड़ा ऑटो 40-50 किलोमीटर का माइलेज एक किलोग्राम सीएनजी में देता है। शहर में 2335 ऑटो को परमिट दिया गया है। जानकारी के अनुसार 2500 ऑटो में सीएनजी किट लग गए हैं। 1500 ऑटो में बहुत जल्द और सीएनजी किट लग जाएंगे। रांची शहरी क्षेत्र में 5 हजार ऑटो को सीएनजी किट देने की योजना बनाई गई है।
रांची जिले में सिर्फ 4 सीएनजी के पंप
रांची जिला में सिर्फ 4 सीएनजी के पंप हैं। हटिया, ओरमांझी, डोरंडा और कोकर में सीएनजी के पंप हैं। जो वाहनों के हिसाब से पर्याप्त नहीं है। गैस के लिए ऑटो रिक्शा ड्राइवरों को पंपों पर एक घंटे से अधिक का इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि, रांची में 4 और सीएनजी के पंप मार्च-अप्रैल के बीच खुलने की संभावनाएं हैं। इनमें हरमू, टाटीसिल्वे, बूटी शामिल हैं।
Report By :- SHADAB KHAN, NATION EXPRESS, RANCHI