पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने रांची पुलिस के जवानों के घायल होने पर बीजेपी पर बोला हमला ! क्या छतरपुर की तरह रांची में भी भाजपाइयों के घर पर चलवाएंगे बुलडोजर ?
SPECIAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
झारखंड की राजधानी रांची में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस जवानों पर पत्थरबाज़ी की है। घटना के बाद एमपी के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर सवाल उठाए हैं। दिग्विजय ने पूछा कि छतरपुर की तरह रांची में भी भाजपाइयों के घर बुलडोजर चलवाएंगे?
एमपी के छतरपुर में थाने पर पथराव के आरोपी की कोठी तोड़ने के बाद मामले ने सियासी तूल पकड़ लिया है। झारखंड के रांची में प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पुलिस पर पत्थर फेंके। इसे लेकर पूर्व सीएम और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने अपने X हैंडल पर रांची के एसएसपी चंदन सिन्हा का वीडियो शेयर किया है।
वीडियो में रांची के SSP कहते दिख रहे हैं, ‘भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पत्थरबाजी की है। आप एक तरफ भारत माता की जय बोल रहे हैं। दूसरी तरफ भारत माता के जवानों को पत्थर मार रहे हैं, जिससे उनकी जान जा सकती है।’ कांग्रेस ने इसके जरिए भाजपा पर सवाल उठाए हैं।
दिग्विजय ने भाजपा से पूछा कि, छतरपुर की तरह यहां भी भाजपाइयों के घर पर बुलडोजर चलवाएंगे? इस पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, हेमंत सोरेन सरकार जुल्म ढा रही है। वहीं, एमपी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि दिग्विजय सिंह को झूठ परोसने का टेंडर मिला है।
प्रियंका गांधी ने भी X पर लिखा- अगर कोई किसी अपराध का आरोपी है तो उसका अपराध और उसकी सजा सिर्फ अदालत तय कर सकती है, लेकिन आरोप लगते ही उसके परिवार को सजा देना, उनके सिर से छत छीन लेना, आरोपी का घर ढहा देना न्याय नहीं है। यह बर्बरता और अन्याय की पराकाष्ठा है।

दिग्विजय ने पूछा- इन भाजपाइयों को नेस्तनाबूद करेंगे ?
दिग्विजय सिंह ने रांची SSP का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- ‘वीडी शर्मा अब इन भाजपा कार्यकर्ताओं को भी नेस्तनाबूद कर उनके घर पर जेसीबी चलवाएंगे? एक अन्य पोस्ट में उन्होंने छतरपुर में हुई कार्रवाई को लेकर X पर लिखा- छतरपुर में थाने पर पथराव का मैं समर्थन नहीं करता, लेकिन इसके आरोप में हाजी शहजाद अली का मकान जमींदोज करना, उनकी गाड़ियों पर बुलडोजर चलाना और उसे गुनाहों का मुखिया घोषित करना भी संदेह पैदा करता है।
दिग्विजय ने आगे लिखा- संदेह यह भी है कि मप्र में भाजपा नेता जिस घटना को पत्थरबाजी से जोड़ रहे हैं। स्थानीय कलेक्टर उसे अवैध निर्माण का मामला बता रहे हैं।

दिग्विजय ने कहा- सबसे बड़े कोतवाल सांसद जी बनकर उभरे और तुरंत बयान दे दिया कि पत्थर फेंकने वालों के साथ यही सलूक किया जाएगा और उन्हें नेस्तनाबूद कर देंगे। क्या देश में न्यायालय की भूमिका खत्म हो गई है? क्या स्थानीय पुलिस और सांसद ही कानूनी फैसले लेने के लिए नियुक्त कर दिए गए हैं?
BJP कार्यकर्ताओं ने जवानों पर ज़बरदस्त पत्थरबाज़ी की.
ये किस तरह की देशभक्ति है?
जिसके नाम पर वोट माँगते हैं, उसी को पत्थर मारते हैं!@narendramodi ‘परिवार वालों’ को कुछ समझाइये! pic.twitter.com/ypWQDXuxuU
— Neha Singh Rathore (@nehafolksinger) August 23, 2024
वीडी का जवाब- कांग्रेस ने दिग्विजय को झूठ बोलने का टेंडर दिया
जवाब में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा- दिग्विजय सिंह का कैरेक्टर रहा है कि झूठ कैसे परोसा जाए। कहीं मस्जिद पर कुछ हो रहा है, उसे मप्र की मस्जिद बताने का काम दिग्विजय सिंह ने किया। बाद में डिलीट करके भाग गए।
पाकिस्तान और न जाने कहां की रोड को भोपाल में दिखा रहे थे। वो भी डिलीट करके भाग गए। अभी भी भोजपुरी सिंगर नेहा राठौर ने जो वीडियो डाला है, दिग्विजय जी कहां का है ये तो बता दो। आपको तो केवल झूठ परोसने का ही टेंडर दिया है कांग्रेस ने। तो आप झूठ बोलते रहिए।
पुलिस पर रांची में पथराव की खबर पर वीडी शर्मा ने कहा- रांची में सरकार किसकी है? बंगाल में ममता बनर्जी गुंडिज्म कर रही हैं। टीएमसी के गुंडे और अपराधी मैदान में उतर गए, तो भाजपा कार्यकर्ता क्या करेगा। बीजेपी का कार्यकर्ता उन अपराधियों से लड़ रहा है। यहां जिन पर कार्रवाई हुई है, उन्होंने थाने में घुसकर कानून तोड़ा है। दिग्विजय सिंह आप मुख्यमंत्री रहे हैं। संवैधानिक पद पर रहे हैं, तो क्या आप इसे अच्छा मानते हैं?

शिवराज बोले- सोरेन सरकार ने बर्बरता की
झारखंड भाजपा के प्रभारी और केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा- झारखंड में अन्याय की अति और जुल्म की पराकाष्ठा हुई है। अराजक सरकार नौजवानों के आक्रोश का मुकाबला नहीं कर पा रही। जो वादे किए थे, 5 लाख नौकरी के, बेरोजगारी भत्ते के, उनमें से एक भी पूरा नहीं हुआ।
जब आक्रोश जताने बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता आ रहे थे, तो बर्बरता शुरू हो गई। जगह-जगह कार्यकर्ता पकड़े गए। बसें रोकी गईं। बस मालिकों को डराया गया। ऐसा अन्याय लोकतंत्र में कहीं नहीं देखा। कंटीले और नुकीले तारों की बाड़ें लगा दीं। हम भी चार बार मुख्यमंत्री रहे। क्या लोकतांत्रिक आंदोलन को ऐसे कुचला जाता है।
डरे हुए हेमंत सोरेन, किसी भी कीमत पर भाजपा के कार्यकर्ता पहुंच ना पाएं, इसलिए ऐसी बर्बरता की, वो अकल्पनीय है। कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाई गईं। ये जो हेमंत सोरेन ने जुल्म ढाया है, ये जो अहंकार आया है, वो रावण का नहीं रहा, तो तुम्हारा कहां रहेगा।
हमारे कार्यकर्ताओं की छाती पर लगी एक-एक रबर की बुलेट ये हेमंत सरकार के कफन में आखिरी कील साबित होगी। अब ये केवल दो महीने के मेहमान हैं, इसलिए डरे हुए हैं।

मसूद ने पूछा- क्या छतरपुर जैसा एक्शन रांची में होना चाहिए
भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा- मप्र के भाजपा नेता छतरपुर की घटना पर बड़ी-बड़ी बात कर रहे हैं, उनसे पूछना चाहता हूं कि अब इन पर क्या कार्रवाई होना चाहिए। इन्होंने भी पुलिस को मारा है। ये भी भारत के जवान हैं। अब इन पर पुलिस FIR तो करेगी ही, लेकिन FIR के साथ बाकी क्या कार्रवाई होना चाहिए?
क्योंकि हम तो संविधान को मानने वाले हैं। अब हम इनसे (बीजेपी) पूछना चाहते हैं कि जो कार्रवाई छतरपुर में हुई है, वो रांची में होना चाहिए?
- Advertisement -