मुंबई :- सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) ने 34 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। अब एक्टर के कथित खुदकुशी मामले में महाराष्ट्र सरकार की किरकिरी होने लगी है। मुंबई पुलिस की तरफ से इस मामले में की गई जांच पर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। रिया चक्रवर्ती पर केस दर्ज होने के बाद बिहार पुलिस की एक टीम मुंबई जांच के लिए गई हुई है। सोशल मीडिया पर बिहार पुलिस का एक वीडियो सामने आया है, इस वीडियो को देखने के बाद लोग मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार को ट्रोल कर रहे हैं।
दरअसल बिहार पुलिस की जांच टीम इन दिनों मुंबई में है। वह कभी रिया चक्रवर्ती के घर तो कभी सुशांत से जुड़ी कंपनियों के चक्कर लगा रही है। जानकारी के मुताबिक इन सब कामों में महाराष्ट्र पुलिस जरा सी भी मदद नहीं कर रही है। ANI पर जो वीडियो जारी किया गया है उसके मुताबिक कि महाराष्ट्र पुलिस ने बिहार पुलिस को गाड़ी तक मुहैया नहीं कराई है। इस वजह से बिहार पुलिस को ऑटो में बैठकर ही जांच के लिए जगह-जगह जाना पड़ रहा है।
वीडियो में इंस्पेक्टर आलम रिया के सवाल पर कहते हैं, ‘वो हमारी निगरानी में हैं।’ वीडियो सामने आते ही सुशांत के फैन मुंबई पुलिस को सोशल मीडिया पर नसीहत दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है- बिहार पुलिस के साथ ऐसा बर्ताव शर्मानाक है। महाराष्ट्र की सरकार एक कार भी नहीं मुहैया करा सकती है। शर्म आनी चाहिए। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा- क्या आप इसे कॉपरेशन कहते हैं? ऐसा लगता है बिहार पुलिस के कुछ मायने ही नहीं हैं।
एक ने लिखा- ऐसे में अगर इन पुलिस जवानों को कोरोना संक्रमण हो जाएगा तो इनके जीवन का कौन जिम्मेदार होगा? उद्धव ठाकरे ओर शरद पवार घमंड में अंधे हो चुके हैं। एक अन्य ने लिखा- वाह महाराष्ट्र सरकार और महाराष्ट्र पुलिस गजब कर दिया, अपने विभाग वालो को भी आटो रिक्शा से चलवा रहे हैं।
बिहार पुलिस का कहना है कि जब एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्य में जांच के लिए जाती है तो उसे मदद की जाती है। लेकिन यहां दुर्भाग्य से मुंबई पुलिस मामले की जांच में बिहार पुलिस की कोई मदद नहीं कर रही है। वहीं दूसरी तरफ मदद के लिए मुंबई पुलिस के पास गए बिहार पुलिस के अफसरों के मुंबई में पुलिस ने ही खींचतान शुरू कर दी।
Report By :- Shardha Sharma (Mumbai)