HEALTH DESK, NATION EXPRESS, NEW DELHI
देश के कई राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। महाराष्ट्र में हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। यहां शुक्रवार को 15,817 नए मामले सामने आए हैं। यह आंकड़ा पिछले 6 महीने में सबसे ज्यादा है। इससे पहले पिछले साल एक अक्टूबर को 16,476 मामले सामने आए थे। वहीं, मध्यप्रदेश में भी कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए रविवार या सोमवार से भोपाल और इंदौर में नाइट कर्फ्यू लगाया जा सकता है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को मीटिंग के दौरान यह बात कही।
24 घंटे में 24,845 नए संक्रमित मिले
देश में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या हर दिन बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को 24,845 नए संक्रमित मिले, 19,972 ठीक हुए और 140 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 4,730 की बढ़ोतरी हुई। सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र में आए। इसके बाद केरल, पंजाब, गुजरात और मध्यप्रदेश रहे।
देश में अब तक 1.13 करोड़ संक्रमित
देश में अब तक देश में अब तक 1.13 करोड़ लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1.09 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1.58 लाख की मौत हुई है, जबकि 1.99 लाख का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
औरंगाबाद में वीकेंड में लॉकडाउन
इस बीच औरंगाबाद में शनिवार और रविवार को लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है। बाकी दिनों में रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा। जलगांव में 15 मार्च तक कर्फ्यू लगाया गया है। इसके अलावा नासिक में आंशिक लॉकडाउन और नागपुर में 15 से 21 मार्च तक लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया है।
कोरोना अपडेट्स
- फ्लाइट से यात्रा करने वालों पर कोरोना गाइडलाइन उल्लंघन करने के मामले में DGCA ने सख्ती दिखाई है। DGCA ने सर्कुलर जारी कर कहा है कि जो भी हवाई यात्रा के दौरान गाइडलाइन का पाल नहीं करेगा, उस पर सख्त कार्रवाई होगी। चेहरे से मास्क उतारने वालों को फ्लाइट से उतारा भी जा सकता है।
- एक्टर मनोज बाजपेयी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी वह सेल्फ क्वारैंटाइन हैं।
- केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और उनकी पत्नी सीमा अठावले ने मुंबई स्थित अस्पताल में कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लगवाया।
- महाराष्ट्र के परभणी जिले में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए राज्य सरकार ने शुक्रवार रात 12 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉकडाउन लगा दिया है।
- पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसकी पुष्टि खुद उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए दी।
6 राज्यों के हाल
1. महाराष्ट्र
यहां शुक्रवार को 15,817 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 11,344 मरीज ठीक हुए और 56 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 22 लाख 82 हजार 191 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 21 लाख 17 हजार 744 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 52,723 मरीजों की मौत हो गई। 1 लाख 10 हजार 485 मरीजों का इलाज चल रहा है।
2. केरल
यहां शुक्रवार को 1,780 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 3,377 मरीज ठीक हुए और 14 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 10 लाख 87 हजार 444 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10 लाख 50 हजार 603 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,370 मरीजों की मौत हो गई। 32,170 का इलाज चल रहा है।
3. मध्यप्रदेश
यहां शुक्रवार को 603 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 360 मरीज ठीक हुए और 2 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 2 लाख 67 हजार 176 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 58 हजार 958 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,335 मरीजों की मौत हो गई। 4,335 का इलाज चल रहा है।
4. गुजरात
यहां शुक्रवार को 715 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 495 मरीज ठीक हुए और 2 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 2 लाख 76 हजार 622 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 68 हजार 196 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4,006 मरीजों की मौत हो गई। 4,420 का इलाज चल रहा है।
5. राजस्थान
यहां शुक्रवार को 237 लोग कोरोना संक्रमित मिले और 137 मरीज ठीक हुए। राज्य में अब तक 3 लाख 22 हजार 518 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 17 हजार 487 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,789 मरीजों की मौत हो गई। 2,242 का इलाज चल रहा है।
6. दिल्ली
यहां शुक्रवार को 431 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 356 लोग ठीक हुए और 2 की मौत हो गई। राज्य में अब तक 6 लाख 42 हजार 870 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 29 हजार 841 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,936 मरीजों की मौत हो गई। 2,093 का इलाज चल रहा है।
Report By :- ANKITA TIWARI, HEALTH DESK, NATION EXPRESS, NEW DELHI