NEWS DESK, NATION EXPRESS, रांची
सरना झंडा को उतारने और जलाने की घटना के खिलाफ आज रांची बंद का केंद्रीय सरना समिति ने समर्थन किया है। बता दें कि पाहनों ने यह बंद बुलाया है।
- Advertisement -
राजधानी रांची के करम टोली चौक में सरहुल के मौके पर लगाए गए सरना झंडा को हटाकर उसे जलाने और रामनवमी झंडा लगाने के मामले ने तुल पकड़ लिया है. इसको लेकर रांची के प्रमुख पाहन और पुरोहितों ने एकजुटता दिखाते हुए 7 अप्रैल को मशाल जुलूस और 8 अप्रैल को रांची बंद बुलाया है. नगड़ा टोली सरना भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में पाहन महासभा के पाहनों ने कहा कि राजधानी के लोअर करमटोली में असामाजिक तत्व व भू-माफियाओं द्वारा सरना झंडे को उखाड़ कर जला दिया गया. उसके स्थान पर सिर्फ रामनवमी झंडा लगाकर दो समुदायों के बीच धार्मिक उन्माद पैदा करने और अराजकता का माहौल उत्पन्न कर राज्य में अशांति फैलाने का प्रयास किया गया है.

आदिवासी धर्म-समाज को कुचलने का प्रयास बर्दाश्त नहीं करेंगे
जगदीश पाहन, शिबू पाहन, हलधर चंदन पाहन, सुकरा पाहन और सोमा पाहन ने कहा कि इस प्रकार किसी भी धर्म की अवहेलना, , उपेक्षा, अपमान और उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत करना एक घिनौना अपराध है. आदिवासी किसी को भी छेड़ते नहीं हैं, मगर उन्हें छेड़ा गया तो वह किसी को छोड़ते भी नहीं है. ऐसे असामाजिक तत्वों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. क्योंकि आदिवासी समाज और सरना धर्मावलंबी हमेशा शांति के उपासक रहे हैं. परंतु कोई भी असामाजिक तत्व या बाहरी ताकत आदिवासी समाज के धर्मों को कुचलने का प्रयास करेगा तो उसे हम कदापि बर्दाश्त नहीं करेंगे. ऐसे असामाजिक तत्वों पर राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की. बाध्य होकर हमलोगों को आंदोलन की घोषणा करना पड़ रहा है. 7 अप्रैल की शाम 5 बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक के लिए मशाल जुलूस निकाली जाएगी. साथ ही 8 अप्रैल दिन शनिवार को रांची बंद किया जाएगा.
आक्रोश में आदिवासी समाज –
इस मुद्दे को लेकर बुधवार को केंद्रीय सरना समिति की बैठक केंद्रीय कार्यालय RIT बिल्डिंग कचहरी परिसर में हुई। अध्यक्ष फूलचंद तिर्की ने बैठक में सरना झंडा को अपमानित कर आदिवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने पर चर्चा की। कहा कि सरना झंडा को असामाजिक तत्वों द्वारा अपमानित करना आदिवासियों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना है। इससे आदिवासी समाज आक्रोश में है।
झारखण्ड पाहन महासंघ रांची द्वारा बंद के आह्वान को देखते हुए विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था संधारण हेतु उपायुक्त -सह- जिला दण्डाधिकारी, राँची एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची का संयुक्तादेश जारी
रांची बंद एवं विरोध प्रदर्शन की संभावना के मद्देनजर विधि व्यवस्था संधारण हेतु संयुक्तादेश जारी
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, राँची एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची का सयुंक्तादेश
शहर के विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति
झारखण्ड सरकार द्वारा प्रस्तावित नयी नियोजन नीति के विरोध एवं दिनांक 08 अप्रैल 2023 को झारखण्ड पाहन महासंघ रांची द्वारा बंद के आह्वान को देखते हुए विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था संधारण हेतु उपायुक्त -सह- जिला दण्डाधिकारी, राँची एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची का संयुक्तादेश जारी किया गया है। विधि-व्यवस्था एवं लोक परिशांति बनाये रखने हेतु दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बलों की प्रतिनियुक्ति राजधानी रांची के विभिन्न क्षेत्रों में की गई है।
गश्ती दल:-
गश्ती दण्डाधिकारी / पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल को धरना-प्रदर्शन के दौरान निरंतर आपस में समन्वय रखते हुए एवं अपने-अपने क्षेत्रों पर चौकस रहते हुए सघन रूप से गतिशील रहने का निदेश दिया गया है। मिथ्या/अफवाहों के कारण अनावश्यक भय, तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए प्रत्येक प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने का निदेश दिया गया है, जिससे अफवाहों का निराकरण त्वरित हो, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।
स्टेटिक प्रतिनियुक्ति
शांति एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु स्टेटिक दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है। मोराबादी मैदान ओपी, राजभवन/ जाकिर हुसैन पार्क, मुख्यमंत्री आवास, सहित अन्य सभी संवेदनशील क्षेत्रों के संबंधित सभी थाना प्रभारियों को धरना-प्रदर्शन के मद्देनजर आसूचना संकलन करने एवं अपने-अपने क्षेत्र में धरना-प्रदर्शन समर्थक द्वारा विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यकतानुसार पुलिस पदाधिकारी / बल की अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया है।
वैसे असामाजिक तत्व जो धरना-प्रदर्शन में शामिल होकर तोड़-फोड़ कर शांति व्यवस्था भंग कर सकते हैं उन्हें चिन्हित कर उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने का निदेश दिया गया है।

जिला कम्पोजिट कंट्रोल रूम
शांति व्यवस्था एवं विधि व्यवस्था बनाये रखने हेतु जिला कम्पोजिट कंट्रोल रूम, में भी दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
उपरोक्त प्रतिनियुक्तियां दिनांक 08.04.2023 के पूर्वा० 08:00 बजे कार्यक्रम के शांतिपूर्ण ढंग के समाप्ति के दो घंटे बाद तक प्रभावी रहेगी, तदनुसार सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को ससमय अपने- अपने प्रतिनियुक्त स्थल पर पहुँच कर कारगर विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था तथा एहतियाती व्यवस्था बनाए रखना सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की कोई विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने न पायें एवं शांति भंग न हो। इसके साथ ही सभी थाना मोबाईल / ईको मोबाईल उक्त गश्ती दलों से लगातार समन्वय स्थापित करते रहेंगे, ताकि आवश्यकता पड़ने पर विधि व्यवस्था संधारण हेतु एक-दूसरे को सहयोग किया जा सके। परिचारी प्रवर, पुलिस केन्द्र, रांची / संबंधित थाना प्रभारी किसी पदाधिकारी की अनुपस्थिति में प्रतिस्थानी भेजना सुनिश्चित करेंगे। सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखना सुनिश्चित करेंगे।
![]()
अग्निशाम पदाधिकारी, रांची जाकिर हुसैन पार्क, मुख्यमंत्री आवास एवं जिला नियंत्रण कक्ष में दिनांक 08.04.2023 के पूर्वाहन 08:00 बजे तक अग्निशमन वाहन कर्मियों सहित प्रतिनियुक्ति करना सुनिश्चित करेंगे। अग्निशमन वाहन तथा अश्रु गैस का संचालन ठीक से हो इसके लिए प्रतिनियुक्ति से पूर्व इसका पूर्वाभ्यास करने का निदेश दिया गया है।
सिविल सर्जन, रांची को आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था के लिये एक-एक एम्बुलेंस, चिकित्सक,चिकित्सा कर्मी एवं सभी आवश्यक दवा एवं उपकरण के साथ जाकिर हुसैन पार्क के पास एक एम्बुलेंस प्रतिनियुक्त करने का निदेश दिया गया है।
पेयजल एवं चलन्त शौचालय
पेयजल एवं चलन्त शौचालय की व्यवस्था हेतु नगर आयुक्त, रांची नगर निगम से अनुरोध है कि उक्त अवसर पर मोरहाबादी साथ जाकीर हुसैन पार्क एक एम्बुलेंस प्रतिनियुक्त करना सुनिश्चित करेंगे।
सघन गश्ती –
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में सघन गश्ती करने तथा प्राप्त सूचना पर अपने वरीय प्रभारी को सूचना देते हुए आवश्यकतानुसार कार्रवाई करने का निदेश है।
विधि-व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में अनुमंडल पदाधिकारी, सदर एवं पुलिस अधीक्षक, नगर, रांची रहेंगे तथा आवश्यकतानुसार अपने स्तर से अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करते हुए विधि-व्यवस्था संधारण हेतु सभी आवश्यक प्रबंध करेंगे। मुख्यमंत्री आवास एवं सचिवालय के 200 मीटर की परिधि में द०प्र०सं० के तहत अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, रांची कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। उक्त क्षेत्र में किसी तरह के जुलूस, रैली, प्रदर्शन घेराव आदि आयोजित नहीं किये जा सकेंगे। ग्रामीण क्षेत्र में सभी अंचल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के वरीय प्रभार में रहेंगे।
Report By :- ADITI PANDIT, NEWS DESK, NATION EXPRESS, रांची