कांग्रेस के अंदर बगावत : कांग्रेस के जीरो परफॉर्मेंस देने वाले मंत्रियों की मंत्रिमंडल से तत्काल छुट्टी कर नये लोगों को बनाया जाए मंत्री :- विधायक इरफान अंसारी
POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, रांची
मंत्री आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव, बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख को मंत्री पद से हटाए जाए
परदीप यादव, दीपिका पांडे, उर्मिला सिंह, अंबा प्रसाद, ममता देवी, कुमार जयमंगल, पूर्णिमा सिंह, राजेश कश्यप में से किसी 4 को बनाया जाए मंत्री
उन चारों मंत्रियों की वजह से कांग्रेस की छवि खराब हो रही है
झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के काम-काज को लेकर सरकार के अंदर से ही बगावत की आवाज बुलंद होने लगी है. कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने राज्य सरकार के खिलाफ फिर एक बार हल्ला बोला है. इस बार इरफान अंसारी के निशाने पर कांग्रेस कोटे के सभी चार मंत्री हैं. विधायक ने इन्हें जीरो परफॉर्मेंस वाला मंत्री करार दिया है. सड़क के लेकर स्वास्थ्य और कृषि से लेकर वित्त विभाग में काम नहीं होने का आरोप इरफान अंसारी ने लगाया है. इनके अनुसार मंत्रियों के विभाग में काम नहीं होने से इसका सीधा असर पार्टी पर देखने को मिल रहा है. कांग्रेस के कार्यक्रम और सभा से लोग दूरी बना रहे हैं. जनता के बीच पार्टी और सरकार के प्रति विश्वास लगातार कम होता जा रहा है. ऐसे में इरफान अंसारी ने कांग्रेस दिल्ली दरबार से पार्टी के चार मंत्रियों के विभागवार समीक्षा करने का अनुरोध किया है. हालांकि इरफान अंसारी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बचाव करते हुए कहा है कि वो अकेले विकास की गाड़ी को आगे बढ़ाने में लगे हैं.
- Advertisement -
इरफान अंसारी ने कहा है कि मंत्रिमंडल में नये लोगों को मौका मिलना चाहिये. जिन लोगों ने अवसर मिलने के बाद काम नहीं किया है, उनकी तत्काल मंत्रिमंडल से छुट्टी कर देनी चाहिये. नये लोग नये तेवर के साथ काम करेंगे. जनता के बीच काम करने के लिये अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है. एक साल के बाद लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो जाएगी. उसके बाद विधानसभा का चुनाव होना है. इरफान अंसारी ने 29 दिसंबर के बाद कांग्रेस विधायकों के साथ दिल्ली कूच करने का एलान कर दिया है. राज्य में जनता से किये गए वायदों के अनुरूप काम नहीं होने कांग्रेस पार्टी और विधायकों को नुकसान हो रहा है. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर को भी इसकी जानकारी दे दी गई है. दिल्ली दौरा प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में ही जाने की तैयारी की जा रही है. इरफान अंसारी ने कहा कि अभी कांग्रेस और राज्य सरकार के पास संभालने का मौका है, अगर अभी नहीं संभाले तो जनता माफ नहीं करेगी.
Report By :- KHUSHBOO SHARMA, POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, रांची