POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, NEW DELHI
बहुजन समाज पार्टी के कुछ विधायकों की मंगलवार सुबह सपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की चर्चा है। यह मुलाकात विधान परिषद चुनाव और 2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर अहम मानी जा रही है। खास बात यह है कि मुलाकात करने वालों में पांच ऐसे विधायक हैं जिन्हें बसपा ने पहले ही निष्कासित कर रखा है।
समाजवादी पार्टी के सूत्रों का कहना है कि सपा के शीर्ष नेतृत्व से कुछ समय पहले से ही बसपा विधायकों की बातचीत चल रही थी। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी सोमवार देर शाम दिल्ली से लखनऊ पहुंचे हैं। रात में ही मुलाकात की रूपरेखा तैयार की गई। सुबह करीब 9:00 बजे बसपा से पहले निष्कासित किए जा चुके विधायकों से पार्टी के चार अन्य विधायकों ने मुलाकात की। इसके बाद यह सभी एकजुट होकर सपा नेतृत्व से मिलने पहुंचे।
- Advertisement -
पार्टी में शामिल होने पर संशय
बसपा विधायकों के समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर अभी संशय बना हुआ है। इन की राह में दल बदल कानून का रोड़ा है। यह सपा विधायक दल मंडल में भी शामिल नहीं हो सकते हैं। इसके लिए पहले विधानसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपना पड़ेगा। ऐसे में सपा के रणनीतिकार चाहते हैं कि विधान परिषद चुनाव से पहले किसी तरह की बाधा ना आए।
संभावना है कि विधान परिषद चुनाव के बाद ही अगला कदम आगे बढ़ाएंगे। बसपा विधायकों का समर्थन मिलने के बाद समाजवादी पार्टी 3 विधान परिषद सदस्य आसानी से जिता लेगी।
सपा के दरबार में पहुंचे विधायक
- असलम राइनी ( भिनगा-श्रावस्ती),
- मुजतबा सिद्दीकी (प्रतापपुर-इलाहाबाद),
- हाकिम लाल बिंद (हांडिया-प्रयागराज),
- हरगोविंद भार्गव (सिधौली-सीतापुर),
- असलम अली चौधरी (ढोलाना-हापुड़),
- सुषमा पटेल (मुंगरा बादशाहपुर)
राज्यसभा चुनाव से पहले भी की थी सेंध लगाने की कोशिश
अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव सें पहले भी BSP में सेंध लगाने की कोशिश की थी। उस दौरान बसपा के 7 विधायकों को मायावती ने पार्टी से निष्कासित किया था। इनमें अखिलेश से मिलने वाले विधायकों के अलावा वंदना सिंह-(सगड़ी-आजमगढ़) भी शामिल थीं। लोकसभा चुनाव के दौरान रामवीर उपाध्याय (सादाबाद) और अनिल सिंह (उन्नाव) को निष्कासित किया था। इस महीने लालजी वर्मा (कटेहरी) व रामअचल राजभर (अकबरपुर) का भी निष्कासन कर दिया।
अलग पार्टी बनाने का भी विचार, सपा से गठबंधन करने का विकल्प
बसपा से निष्कासित विधायक असलम राइनी ने अखिलेश से मुलाकात के बाद अलग दल बनाने का भी दावा किया है। असलम ने दावा किया कि उनके साथ 11 विधायक हैं। असलम ने कहा कि कुछ ही दिनों में वे अपना अलग दल बनाने पर भी विचार करेंगे। नए दल के साथ सपा से गठबंधन पर विचार किया जा रहा है।
Report By :– ANUJA AWASTHI, POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, NEW DELHI