Hijab पर बवाल तेज : शिक्षा मंत्री ने कहा- कैंपस में अल्लाह-हू-अकबर नहीं चलेगा, 3 दिन के लिए स्कूल-कॉलेज बंद
NEWS DESK, NATION EXPRESS, कर्नाटक
शिक्षण संस्थानों के आसपास धारा 144 लागू, लालू बोले- गृह युद्ध की ओर जा रहा देश
कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद पर हाईकोर्ट का फैसला नहीं आ सका है। बुधवार को लगातार दूसरे दिन मामले की सुनवाई हुई, जिसमें इसे बड़ी बेंच को रेफर कर दिया गया। इससे पहले राज्य सरकार सभी स्कूल-कॉलेजों को तीन दिन तक बंद रखने का आदेश दे चुकी है। मंगलवार को कॉलेज कैंपस में एक लड़की अल्ला-हू-अकबर के नारे लगाती नजर आई, तो छात्रों ने जय श्री राम के साथ जवाब दिया। अब इस मामले में सियासत गहरा गई है।
- Advertisement -

प्रियंका गांधी ने कहा है कि बिकिनी हो या हिजाब, लड़कियों को कुछ भी पहनने का अधिकार है। वहीं, AIMIM लीडर असदुद्दीन ओवैसी ने हिजाब का समर्थन किया है। इससे पहले नोबेल विजेता मलाला यूसुफजई ने कहा था कि पहनावे को लेकर औरतों को शिक्षा से दूर करना सही नहीं है। आइए एक-एक करके जानते हैं इस मुद्दे पर किसने क्या कहा…

ओवैसी बोले- हिजाब के अधिकार के लिए लड़ने वाली बहनों के साथ
उत्तर प्रदेश के संभल में एक चुनावी सभा के दौरान ओवैसी ने कहा, ‘मैं दुआ करता हूं कि कर्नाटक में हिजाब पहनने के अधिकार के लिए लड़ने वाली बहनें कामयाब हों। कर्नाटक में संविधान का मखौल उड़ाया जा रहा है। मैं BJP सरकार के इस फैसले की निंदा करता हूं।’
कैंपस में ‘अल्ला-हू-अकबर’ और ‘जय श्री राम’ के नारों की इजाजत नहीं
इस मामले में कर्नाटक के शिक्षा मंत्री का बयान सामने आया है। राज्य के प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूल एजुकेशन मिनिस्टर बीसी नागेश ने विवाद पर कहा, ‘मंडया में स्टूडेंट अल्ला-हू-अकबर के नारे लगाने वाली लड़की का घेराव नहीं करना चाहते थे। जब वह नारे लगा रही थी, उस समय लड़की के आसपास कोई नहीं था। ऐसे में उसे किसने उकसाया? हम कॉलेज में ‘अल्ला-हू-अकबर’ और ‘जय श्री राम’ के नारों को बढ़ावा नहीं दे सकते।’

प्रियंका ने कहा- लड़कियां बिकिनी पहनें या हिजाब, यह उनका अधिकार
उधर, उत्तर प्रदेश में वोटिंग से एक दिन पहले प्रियंका गांधी ने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ हैशटैग के साथ लिखा है कि महिलाओं को उनका पहनावा तय करने का अधिकार संविधान में मिला है। इसे लेकर उन्हें परेशान नहीं किया जाना चाहिए। प्रियंका ने ट्वीट किया- संविधान महिलाओं को उनका पहनावा तय करने का अधिकार देता है। वे जो चाहें वह पहन सकती हैं… फिर वो बिकिनी हो या घूंघट, जीन्स हो या हिजाब.. महिलाओं को परेशान करना बंद कीजिए।

कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री ने कहा- कांग्रेस हिंदुओं को हिजाब पहना देगी
हिजाब विवाद को लेकर कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री सुनील कुमार ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। सुनील कुमार ने कहा, ‘अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो वह ऐसा कानून बना सकती है, जिसमें हिंदुओं को हिजाब पहनने के लिए कहा जाएगा। कल भी कांग्रेस के डीके शिवकुमार ने झूठे आरोप लगाए थे कि स्कूल से झंडा हटा दिया गया था। सिद्धारमैया और कांग्रेस को ऐसी मानसिकता से बाहर आना चाहिए।’

केशव प्रसाद मौर्य बोले- विवाद के पीछे कांग्रेस के पाले हुए लोग
कर्नाटक विवाद में उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य प्रदेश तक के राजनेता भी बयान दे रहे हैं। UP के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि इस तरह के विवाद जान-बूझकर कांग्रेस पार्टी के पाले हुए लोग करते हैं। कर्नाटक का मामला केवल कॉलेज में ड्रेस कोड को फॉलो करने का है। इसे जबरदस्ती तूल दिया जा रहा है।
कमल हासन बोले- छात्रों के बीच धार्मिक दीवार खड़ी करने की कोशिश
कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद पर कमल हासन ने भी चिंता जताई है। उन्होंने ट्वीट किया- कर्नाटक में जो हो रहा है, उससे अशांति फैल रही है। छात्रों के बीच धार्मिक जहर की दीवार खड़ी की जा रही है। पड़ोसी राज्य में जो हो रहा है, वह तमिलनाडु में नहीं आना चाहिए। प्रगतिशील ताकतों के ज्यादा सावधान रहने का समय आ गया है।
उडुपी से शुरू विवाद पूरे कर्नाटक में फैला
कर्नाटक के उडुपी में 1 जनवरी को हिजाब पर विवाद शुरू हुआ था, जिसके बाद शिमोगा सहित कई जिलों में इस पर प्रोटेस्ट होने लगा। कांग्रेस ने मांग की है कि उन सभी स्कूलों को एक हफ्ते के लिए बंद किया जाए, जहां पर यह विवाद हो रहा है।

कैसे शुरू हुआ हिजाब का विवाद?
कर्नाटक के कुंडापुरा कॉलेज की 28 मुस्लिम छात्राओं को हिजाब पहनकर क्लास अटैंड करने से रोका गया था। मामले को लेकर छात्राओं ने हाईकोर्ट में याचिका लगाते हुए कहा था कि इस्लाम में हिजाब अनिवार्य है, इसलिए उन्हें इसकी अनुमति दी जाए। इन छात्राओं ने कॉलेज गेट के सामने बैठकर धरना देना भी शुरू कर दिया था।