NEWS DESK, NATION EXPRESS, लातेहार
Indian Army Train Derailed, पूर्व मध्य रेलवे के बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड अंतर्गत टोरी जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच के लाइन नंबर आठ पर शुक्रवार की देर शाम सेना की मालवाहक ट्रेन की एक बोगी (58241610243) बेपटरी हो गई। जानकारी के अनुसार मिलिट्री ट्रेन का मालवाहक टोरी जंक्शन के पश्चिमी सिरे से जंक्शन के यार्ड में प्रवेश कर रही थी।

- Advertisement -
सिग्नल के समीप एक लाइन चेंज करने के दौरान तकनीकी फाल्ट की वजह से एक बोगी के पहिए नीचे गिर गए। एक साथ एक जगह चार पहियों की जगह दो पहियों के साथ ट्रेन घिसटती हुई आगे बढ़ रही थी। रेल पटरी बदलने के दौरान चालक को काफी देर तक इस बात का आभास भी नहीं हो पाया कि मिलिट्री ट्रेन का पहिया बेपटरी हुआ है।
लगभग तीन सौ मीटर दूर घिसटने के दौरान पहिया का स्प्रिंग और अन्य कई पार्ट-पुर्जे क्षतिग्रस्त होने के बाद 186/1023 के समीप दो हिस्सों में बंट गए। इसके बाद मालवाहक के दुर्घटनाग्रस्त होेने की जानकारी मिली। सूचना के बाद बरवाडीह से एआरटी (रेल ट्रैक और बोगी को दुरुस्त करने वाली) की टीम टोरी जंक्शन पहुंची और व्यवस्था दुरूस्त करने की कवायद में जुटी।

समाचार लिखे जाने तक सेना के खाली मालवाहक की बोगी के डिरेल होने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई थी। टोरी टीआई संजय कुमार, स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार, आरपीएफ एसआई रोहित प्रताप समेत संबंधित विभागीय कर्मियों के साथ एआरटी की टीम रेल ट्रैक को दुरूस्त करने के साथ गिरी बोगी को पटरी पर लाने के लिए प्रयास कर रही थी
देर शाम को भारतीय सेना का साजो-सामान ले जाने वाली मिलिट्री स्पेशल ट्रेन लातेहार जिले के बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड के टोरी जंक्शन में पश्चिमी आउटर सिग्नल के समीप बेपटरी हो गई। ट्रेन की आखिरी बोगी डिरेल हो गई। सूचना मिलने के बाद टोरी रेल प्रबंधन हरकत में आया और रेल अधिकारियों की टीम आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंच गई। बताया गया कि मिलिट्री स्पेशल ट्रेन पटरी चेंज करने के दौरान बेपटरी हुई है।
Report By : ZEBA KHAN, NEWS DESK, NATION EXPRESS, लातेहार