NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
भारतीय चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने झारखंड समेत अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली में लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव के तारीख का ऐलानकिया है. इसके तहत झारखंड के मांडर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होना है. निवर्तमान विधायक बंधु तिर्की की सदस्यता खत्म होने के बाद खाली हुई सीट को लेकर उपचुनाव की घोषणा हुई है.
23 जून को मांडर विधानसभा का उपचुनाव
झारखंड के मांडर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तारीख की घोषणा हुई है. इसको लेकर 30 मई, 2022 को अधिसूचना जारी होगी, वहीं छह जून से प्रत्याशी नॉमिनेशन कर सकेंगे. सात जून को नामों की स्क्रूटनी होगी, जबकि प्रत्याशी नौ जून को नाम वापस ले सकेंगे. इस सीट पर उपचुनाव 23 जून को होगा. वहीं, 26 जून को काउंटिंग होगी. मांडर विधानसभा उपचुनाव की पूरी प्रक्रिया 28 जून तक कर लिया जाएगा.

- Advertisement -
मांडर विधानसभा उपचुनाव की जानें शिड्यूल
अधिसूचना जारी : 30 मई, 2022
नामांकन की तारीख : 06 जून, 2022
नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी की तारीख : 07 जून, 2022
नाम वापसी की तारीख : 09 जून, 2022
मतदान की तारीख : 23 जून, 2022
मतगणना की तारीख : 26 जून, 2022
कैसे खाली हुई मांडर विधानसभा सीट
कांग्रेस विधायक बंधु तिर्की मांडर विधानसभा से विधायक थे. आय से अधिक संपत्ति मामले में CBI की स्पेशल कोर्ट ने बंधु तिर्की को दोषी पाया था. इसके तहत कोर्ट ने तीन साल की सजा और तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया था. तीन साल की सजा मिलने पर विधायक बंधु तिर्की की विधायकी खत्म हो गयी. इस संबंध में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष ने भी आदेश जारी किये थे. बंधु तिर्की की विधायकी खत्म होने के साथ ही मांडर विधानसभा सीट खाली हो गयी थी. इसके बाद से उपचुनाव की चर्चा क्षेत्र में तेज थी.
बंधु तिर्की समेत 5 विधायकों की जा चुकी है विधायकी
कांग्रेस विधायक बंधु तिर्की के अलावा अब तक राज्य के चार अन्य विधायकों की विभिन्न मामलों में विधायकी जा चुकी है. इसके तहत रांची के सिल्ली विधानसभा से JMM विधायक अमित महतो की विधायकी खत्म हुई थी. इसके अलावा कोलेबिरा से झारखंड पार्टी के विधायक एनोस एक्का, लोहरदगा के आजसू विधायक कमल किशोर भगत (अब स्वर्गीय) और गोमिया के JMM विधायक योगेंद्र महतो की विधायकी जा चुकी है.
Report By :- KHUSHBOO SHARMA, NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI