ये कैसी सजा : गुरुनानक स्कूल प्रबंधन ने छात्र से लिखवाया ‘मैं शैतान हूं, सबको परेशान करता हूं’, मां को भी 3 घंटे धूप में बैठाया
EDUCATION DESK, NATION EXPRESS, शिवपुरी (MADHYA PARDESH)
शिवपुरी शहर के गुरुनानक स्कूल में अध्यनरत एक छात्र को स्कूल संचालक द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की शिकायत उसके स्वजनों ने बाल कल्याण समिति को दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर स्कूल संचालक को नोटिस जारी किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरूनानक स्कूल में कक्षा 9 में अध्यनरत के छात्र की मां ने बाल कल्याण समिति को शिकायत दर्ज कराई है कि कुछ दिन पहले स्कूल में बच्चों के आपसी झगड़े के मामले में स्कूल प्रबंधन ने एक तरफा कार्रवाई करते हुए उसके बेटे से यह लिखवाया है कि मैं शैतान हूं और मेरे कारण सब परेशान रहते हैं।
उससे यह लिखवाने का प्रयास किया गया कि अगर बच्चा मर जाए तो परिवार की ही जिम्मेदारी होगी। बच्चे को एक तरफा स्कूल से निष्काषित कर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया है। शिकायत के आधार पर बाल कल्याण समिति ने गुरूनानक स्कूल प्रबंधन के नोटिस जारी किया है। शिकायत में बच्चे को धूप में खड़ा करने और उसकी मां को स्कूल बुलाकर तीन घंटे तक धूप में बिठाए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
- Advertisement -
आरोप यह भी है कि स्कूल प्रबंधन ने बच्चे को यहां तक कह दिया है कि आप सिर्फ परीक्षा देने के लिए स्कूल आओगे। इसके अलावा पढ़ने के लिए आपको स्कूल आने की कोई आवश्यकता नहीं है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बच्चे को कुछ दिन के लिए निष्काषित किया गया है। बच्चे से सिर्फ इसलिए लिखवाया गया है कि बच्चा आगे से इस तरह की हरकत न करे। बच्चा आए दिन अपने स्कूल के बाहर के दोस्तों को बुलवा कर स्कूल के बच्चों की पिटाई लगवाता है। इस बात के पूरे वीडियो आदि साक्ष्य स्कूल प्रबंधन के पास मौजूद हैं।
तीन महीने में दूसरी शिकायत
खास बात यह है कि गुरूनानक स्कूल में बच्चों को प्रताड़ित किए जाने के संबंध में तीन महीने में यह दूसरी शिकायत है। पहली बार जब शिकायत हुई तो उसे स्कूल प्रबंधन ने बेहद हल्के में लिया था। इस बार फिर से शिकायत आई है, ऐसे में बाल कल्याण समिति पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए विचार करने की बात कह रही है।
Report By :- SHWETA JHA, EDUCATION DESK, NATION EXPRESS, शिवपुरी (MADHYA PARDESH)