भारत जोड़ो यात्रा पर लग सकता है ब्रेक ! राहुल गांधी का यात्रा रोकने से इनकार: कहा- मास्क लगाओ… कोविड फैल रहा, ये सब बहाने हैं
POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, हरियाणा
राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा रोकने से इनकार कर दिया है। हरियाणा के नूंह में उन्होंने कहा- केंद्र सरकार ने अब नया फॉर्मूला निकाला है। मुझे चिट्ठी लिखी है कि मास्क लगाओ… कोविड फैल रहा है। ये सब यात्रा रोकने के हथकंडे हैं। हिंदुस्तान की सच्चाई से ये लोग डर गए हैं। हमारी यात्रा कश्मीर तक जाएगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने 20 दिसंबर को राहुल गांधी को चिट्ठी लिखी थी। उन्होंने राहुल से यात्रा रोकने की अपील की थी। मनसुख मांडविया ने देश में एक बार फिर से कोरोना का खतरा बढ़ता जा रहा है, हेल्थ इमरजेंसी के हालात हैं। देश को बचाने के लिए भारत जोड़ो यात्रा रोक दें।
- Advertisement -
राजस्थान में भाजपा ने यात्रा रोकने का ऐलान किया, फिर पलटी
इधर, राजस्थान में भाजपा ने अपनी जन आक्रोश यात्रा पहले स्थगित करने का ऐलान किया, फिर कुछ ही घंटे बाद वो उससे पलट गई। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने यात्रा के स्थगित करने की जानकारी दी। उसके बाद राजस्थान भाजपा अध्यक्ष सतीश पुनिया का बयान आया। उन्होंने कहा कि जब तक कोरोना को लेकर कोई एडवाइजरी जारी नहीं होती तब तक यात्रा अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही होगी।
106 दिन से पैदल चल रहे राहुल, पैरों में पट्टी बंधी
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल राजस्थान से हरियाणा पहुंच चुकी है। राज्य में यात्रा का आज दूसरा दिन है। राहुल गांधी नूंह के ऐतिहासिक गांधीग्राम (घासेड़ा) पहुंचे। यहां पर राहुल गांधी के पैरों में पट्टी बंधी दिखी। राहुल गांधी 106 दिन से पैदल यात्रा कर रहे हैं। घासेड़ा में ग्रामीणों ने मेवाती पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद यात्रा गुरुग्राम पहुंच गई है। जहां अब नाइट स्टे होगा।
जयराम रमेश ने कहा- भारत जोड़ो यात्री फुली वैक्सीनेटेड हैं
भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के पत्र पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा- जुलाई, सितंबर और नवंबर में गुजरात एवं ओडिशा में ओमिक्रॉन सब वैरिएंट BF.7 के 4 केस सामने आए। स्वास्थ्य मंत्री ने कल राहुल गांधी को पत्र लिखा। PM आज स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा एक दिन बाद दिल्ली में प्रवेश करेगी। अब आप क्रोनोलॉजी समझिए। उन्होंने बताया कि भारत जोड़ो यात्री फुली वैक्सीनेटेड हैं।
कांग्रेस बोली- यात्रा की वजह से बिजली काटी
इसी बीच कांग्रेस ने हरियाणा में CM मनोहर लाल खट्टर की अगुआई वाली भाजपा-जजपा सरकार पर बिजली गुल करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रवक्ता जयराम रमेश ने कहा – 105वें दिन भड़ास नगीना में यात्रा समाप्त हुई तो ग्रामीणों ने बताया कि आज सुबह से बिजली नहीं है। यह सामान्य बात नहीं है। कल, परसों या पूरे सप्ताह बिजली की कोई कटौती नहीं हुई। BJP का डर्टी ट्रिक डिपार्टमेंट हरियाणा में ज्यादा मेहनत कर रहा है।
Report By :- PAYAL GUPTA, POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, हरियाणा