रांची के सड़कों पर भाजपा दिखाएगी अपना ताकत : शहर में हो सकती है जाम की स्थिति बिना जरूरत के घरों से ना निकले आज नहीं तो घंटों फंस सकते हैं जाम में
NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
भ्रष्टाचार और नियोजन नीति को मुद्दा बनाकर भाजपा हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरेगी। मंगलवार को भाजपा के नेता और कार्यकर्ता सचिवालय (प्रोजेक्ट भवन) घेरेंगे। इसके लिए सोमवार रात से ही पार्टी के कार्यकर्ता धुर्वा स्थित जगन्नाथ मैदान में जुटने लगे हैं। सुबह 10 बजे यहां आम सभा होगी, फिर कार्यकर्ता घेराव करने निकलेंगे। इसमें पार्टी के सभी सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने के कारण रांची में जाम जैसे हालात पैदा होने की संभावना बन गई है। प्रशासन ने भी जगन्नाथ मैदान से सचिवालय तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। उधर, राजनीतिक जानकारों का कहना है कि भले ही पार्टी ने भ्रष्टाचार और नियोजन नीति को मुद्दा बनाया है, लेकिन असल में शक्ति प्रदर्शन कर लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जोश भरना है।
- Advertisement -

दीपक प्रकाश बोले-रांची आ रहे लोगों को परेशान कर रही पुलिस
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने आशंका जताई है कि राज्य सरकार हिंसा का सहारा ले सकती है। पर, भाजपा कार्यकर्ता इससे डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन रांची आ रहे लोगों को परेशान कर रही है। धनबाद और खूंटी के अधिकारी वहां के बस मालिकों को धमका रहे हैं कि वे अपनी बसें भाजपा को न दें। अभी से पुलिस द्वारा कार्यकर्ताओं और बस एजेंटों को धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा, प्रशासनिक तैयारी स्वाभाविक है, पर यदि कोई पुलिस अधिकारी गैर कानूनी काम करेगा तो उसे बेनकाब करेंगे।

सुबह 8 से रात 11:30 बजे तक धारा 144 लागू
प्रोजेक्ट भवन के समीप कई सरकारी कार्यालय हैं। घेराव और प्रदर्शन से कामकाज में व्यवधान हो सकता है। यातायात व्यवस्था बाधित होने और विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होने की भी आशंका है। इसे देखते हुए धुर्वा गाेलचक्कर से प्राेजेक्ट भवन हाेते हुए चांदनी चाैक के रास्ते हटिया काे जाेड़ने वाली सड़क की 200 मीटर की परिधि में सुबह 8 से रात 11:30 बजे तक धारा 144 लागू रहेगा। जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर दिया है।इस दौरान तमाम पाबंदियों के साथ किसी प्रकार के हरवे-हथियार या अस्त्र-शस्त्र लेकर निकलने की पाबंदी रहेगी।

लोकसभा चुनाव की तैयारी का रिहर्सल है शक्ति प्रदर्शन
मंगलवार को रांची में हो रहा सचिवालय घेराव भाजपा के लोकसभा चुनाव की तैयारी का रिहर्सल है। संगठन ने इसी दृष्टिकोण से कार्यक्रम की पूरी संरचना तैयार की है। पार्टी के सभी सांसदों, विधायकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस आंदोलन में सक्रिय भूमिका दी गई है।
पार्टी के सभी वरीय नेताओं ने इस दृष्टिकोण से सभी जिलों और मंडलों का दौरा किया है। पार्टी के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी, प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह आदि ने लगातार सघन दौरा किया है।
देवघर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राज्य सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरे राज्य में आंदोलन करने की रणनीति बनी थी। इसके तहत सभी मंडलों और जिलों में पार्टी ने धरना दिया था। अब प्रदेश मुख्यालय पर प्रदर्शन कर पार्टी लोकसभा चुनाव की तैयारियाें के निमित्त कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएगी और यहां से एक पॉजिटिव एनर्जी के साथ चुनाव मैदान में जाएगी।
Report By :- ADITI PANDIT, NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI