NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
संथाल परगना में हुए 1000 करोड़ के अवैध खनन मामले में ईडी के गवाह रहे विजय हांसदा की परेशानी बढ़ने वाली है। ईडी फिर उसे समन भेजने की तैयारी में है। क्योंकि ईडी को पता चला है कि गवाही से मुकरने के लिए वह दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट के एक वकील से मिला था। दिल्ली जाने की व्यवस्था साहिबगंज के एसपी नौशाद आलम ने की थी। एसपी ने रांची के सार्जेंट से विजय का टिकट बुक करवाया था। नौशाद आलम को ईडी ने 22 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है।
अब टिकट बुक कराने वाले सार्जेंट को भी पूछताछ के लिए समन जारी हो सकता है। पूर्व में हांसदा की याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट ने अपने पहले आदेश में यह स्पष्ट कर दिया था कि प्रारंभिक जांच में मिले तथ्यों पर प्राथमिकी दर्ज करने या नहीं करने का फैसला सीबीआई के निदेशक करेंगे। इसके बाद इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है। सीबीआई की प्रारंभिक जांच में ईडी के अधिकारियों का हांसदा प्रकरण में मोबाइल छीनने की भी बात सामने आई है।
- Advertisement -

धुर्वा थाने में विजय हांसदा ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी
विजय हांसदा ने धुर्वा थाने में मुकेश यादव व अशोक यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप था कि दोनों ने हाईकोर्ट परिसर में उसे धमकी दी। इस मामले की जांच रांची पुलिस कर रही है। रांची पुलिस की कोशिश है कि इस मामले का अनुसंधान कोर्ट में सुनवाई से पहले पूरी कर ली जाए। रांची पुलिस ने विजय हांसदा का कोर्ट में 164 के तहत बयान भी दर्ज कराया था।
Report By :- SHANAYA SINGH, NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI