CITY DESK NATION EXPRESS, RANCHI
रांची के खेलगांव क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब 6:45 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरला बिरला स्कूल की बस (संख्या JH 01 2303) और एक स्कूटी के बीच हुई टक्कर में स्कूटी पर सवार छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय छात्रा अपने छोटे भाई को स्कूटी पर बैठाकर मंदिर पूजा के लिए जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सरला बिरला स्कूल की बस, जो गलत दिशा में जा रही थी और खेलगांव के पास स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा स्कूटी समेत सड़क पर गिर गई और बस उसे कुचलते हुए निकल गई। स्कूटी में पीछे बैठे छोटा भाई सड़क के दूसरी ओर गिर पड़ा, जिससे उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि छात्रा ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन बस का चक्का उसके सिर पर चढ़ गया। इस कारण उसका हेलमेट और सिर दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
- Advertisement -
मृत छात्रा के पिता का नाम श्याम बताया गया है, जो लालपुर के डिस्टलरी बाजार में मछली बेचने का काम करते हैं। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। खेलगांव थानेदार लोगों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का विरोध
घटना के बाद, नाराज नागरिकों ने खेल गांव चौक को बंद कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने अन्य स्कूल बसों और वाहनों को रोक दिया, जिससे सड़क पर भारी जाम लग गया। मृत लड़की के परिजन और स्थानीय लोग उस स्थान पर प्रदर्शन कर रहे थे, और स्थिति बेहद तनावपूर्ण थी।
सड़क सुरक्षा पर सवाल
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस इलाके में सड़क दुर्घटनाएं लगातार होती हैं, लेकिन सुरक्षा के कोई ठोस उपाय नहीं किए गए हैं। यह क्षेत्र तेज गति वाली स्कूल बसों और अन्य वाहनों के लिए जाना जाता है, जिसने सड़क हादसों की संभावना को बढ़ा दिया है। थानेदार अभिषेक कुमार ने बताया, “स्कूटी सवार एक लड़की की सड़क हादसे में मौत हुई है। इसके बाद लोगों ने गुस्से में सड़क जाम कर दी। हमने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत किया है।” पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Report By :- KHUSHBOO SHARMA, CITY DESK NATION EXPRESS, RANCHI