Nation express
ख़बरों की नयी पहचान

मानवता शर्मसार : बेटी को जन्म देकर झाड़ियों में फेंका; शरीर में धंसे थे कांटे, निकालते हुए भावुक हुई महिला पुलिस अफसर

0 510

NEWS DESK, NATION EXPRESS, राजगढ़

मानवता को शर्मसार कर देने का मामला सामने आया है. मध्यप्रदेश के राजगढ़ में सोमवार काे झकझोर देने वाली घटना सामने आई। यहां नालाझिरी गांव में एक दिन की बच्ची झाड़ियों के बीच कांटों में उलझी हुई मिली। बच्ची को रोते सुन जब लोग वहां पहुंचे तो उनके रोंगटे खड़े हो गए। बच्ची के शरीर पर कांटे चुभे हुए थे। महिला पुलिस अफसर ने कांटे निकालकर उसे अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत फिलहाल ठीक है।

पत्थर किनारे झाड़ियों के बीच पड़ी मिली नवजात।मामला राजगढ़ जिले के सुठालिया थाने का है। थाना प्रभारी रामकुमार रघुवंशी ने बताया कि 11 बजे उनके पास एक कॉल आई। फोन करने वाले ने कहा- कोई व्‍यक्ति नालाझिरी गांव में झाड़‍ियों के बीच बच्ची को फेंक गया है। बच्ची कांटों के बीच पड़ी हुई थी। सूचना मिलते ही रघुवंशी ने एसआई अरुंधति, महिला कॉन्स्टेबल इतिश्री और कॉन्स्टेबल सतीश त्यागी को तत्‍काल मौके पर भेजा।

- Advertisement -

बच्ची किसकी, पता नहीं
बच्‍ची को झाड़‍ियों में देख एसआई ने तत्काल उसे एक कपड़े में उठा लिया। जैसे ही उन्होंने उसे हाथ में लिया, वह जोर-जोर से रोने लगी। उन्होंने पीछे देखा तो शरीर में कई कांटे चुभे नजर आए। उन्होंने कांटे निकालकर तत्काल एंबुलेंस की मदद से सुठालिया अस्‍पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने यहां बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बच्ची ठीक है, उसे देखरेख में रखा गया है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Report By :- SHALINI CHOUDHRY, NEWS DESK, NATION EXPRESS, राजगढ़

Leave A Reply

Your email address will not be published.

GA4|256711309