हिजाब का विवाद गहराया : देश के कई राज्यों में हजारों की संख्या में मुस्लिम महिलाओं ने किया प्रोटेस्ट, ‘हिजाब दिवस’ मनाने का किया ऐलान
NEWS DESK, NATION EXPRESS, मालेगांव
शरीयत और तलाक कानून में हस्तक्षेप के खिलाफ सड़क पर उतरी बुर्कानशीं
कर्नाटक से शुरू हुआ हिजाब का विवाद महाराष्ट्र में भी फैलता जा रहा है। बीड, मुंबई और पुणे के बाद गुरुवार शाम हजारों की संख्या में मुस्लिम महिलाओं ने नासिक के मालेगांव में प्रोटेस्ट किया है। इस प्रदर्शन में बाहरी संख्या में मुस्लिम युवक भी शामिल हुए। बता दें कि आज हुए प्रदर्शन को जिला प्रशासन ने मंजूरी नहीं दी थी, इसके बावजूद हजारों की संख्या में महिलाएं यहां प्रदर्शन करने पहुंची थी।
- Advertisement -

हिजाब दिवस को सफल बनाने के लिए आज शहर में मुस्लिम महिलाएं हिजाब पहन कर बाहर निकल रही हैं। प्रोटेस्ट से पहले जिलाधिकारी कार्यालय तक एक छोटा मार्च भी निकाला गया। जमीयत उलेमा की ओर से शहर के अजीज कल्लू मैदान में आयोजित इस प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि हिन्दू लड़कियां शादी के बाद मंगलसूत्र पहनकर कॉलेज आती हैं, सिंदूर ,बिंदी लगाकर आती हैं तो अगर वह अपने धर्म का पालन कर रही हैं तो उनकी तरह मुस्लिम लड़कियां भी अपने धर्म का पालन क्यों न करें? एक मुस्लिम छात्र नेता फारुखी लूखमान ने कहा कि मुस्लिम लडकियों को भी उनके धर्म के मुताबिक चलना है। उन्हें हिजाब और बुरखा पहनना है।
प्रदर्शन में शामिल मौलाना मुफ्ती मो. इस्माइल ने कानून और धर्म के मुद्दे पर उपदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार देता है। इसके अनुसार मुस्लिम महिलाओं को हिजाब-बुर्का पहनने का संवैधानिक अधिकार है। इसे कोई नहीं छीन सकता।

महाराष्ट्र के कई शहरो में हुए प्रोटेस्ट
इससे पहले पुणे में मुस्लिम महिलाओं के साथ एनसीपी के कार्यकर्ताओं ने प्रोटेस्ट किया था। इसके विरोध में हिन्दू महासंघ की महिलाओं ने भगवा साड़ी पर बच्चों के साथ सड़क मर मार्च निकाला था। महिलाओं ने कहा कि अगर मुस्लिम लड़कियां हिजाब पहन कर स्कूल आएंगी तो वे अपने बच्चों को पारम्परिक हिन्दू पोशाक में स्कूल भेजेंगे। इससे पहले मुंबई में मुस्लिम महिलाओं ने हिजाब के समर्थन में एक हस्ताक्षर अभियान चलाते हुए हजारों बुर्कानशीं महिलाओं के सिग्नेचेर लिए थे।
बीड के चौराहों पर भी ‘पहले हिजाब और फिर किताब’ के पोस्टर लगाए गए। यह बैनर बीड शहर के शिवाजी महाराज चौक, बशीर गंज चौक, राजुरीवेस के आस-पास के क्षेत्र में लगाए गए हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद इसे हटा दिया गया था।

बुलढाणा में हिजाब की पृष्ठभूमि पर भी धारा 144 लागू
बुलढाणा जिले में भी आंदोलन की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने धारा 144 लगा दी है। आज शहर में होने वाली सभी रैलियों, प्रदर्शन और आंदोलन को रद्द कर दिया गया है। कलेक्टर के आदेश से धारा 144 अगले आदेश तक जारी रहेगी। इस दौरान एक साथ पांच से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर रोक है।
Report By :- SONIA SINGH / SANA KHAN, NEWS DESK, NATION EXPRESS, मालेगांव