EDUCATION DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
कक्षा 1-5 तक के सभी स्कूल 8 जनवरी तक रहेंगे बंद, शीतलहर के चलते लिया गया फैसला
Jharkhand Latest News: सरकारी, गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) तथा निजी स्कूलों में कक्षा एक से पांच की कक्षाएं आठ जनवरी तक संचालित नहीं होंगी। इस अवधि में इन कक्षाओं के बच्चों का पठन-पाठन नहीं होगा। राज्य सरकार ने शीतलहर को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
- Advertisement -
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के मंत्री जगरनाथ महतो के आदेश पर विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। नौ जनवरी से इन कक्षाओं के बच्चों का सामान्य रूप से पठन-पाठन शुरू होगा। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भले ही आठ जनवरी तक कक्षा एक से पांच के बच्चों का पठन-पाठन नहीं होगा, लेकिन सभी शिक्षक स्कूल आएंगे। इस दौरान वे स्कूल से संबंधित सभी अभिलेख अपडेट करेंगे तथा आनलाइन डाटा एंट्री करेंगे। इस अवधि में कक्षा एक से पांच के बच्चों को मिड डे मील भी दिया जाएगा।
बिहार में ठंड को देखते हुए पहले ही आठवीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को सात जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया था. पटना के जिलाधिकारी एस चंद्रशेखर ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में 10वीं कक्षा तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियां सात जनवरी तक स्थगित करने का आदेश जारी किया है. पटना के जिलाधिकारी के आदेश में कहा गया है कि शीतलहर और अधिक ठंड से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव की संभावना है. इसलिए कक्षा दसवीं तक के सभी शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया जाता है. इसके अलावा ये भी जानकारी दी गई है कि मैट्रिक बोर्ड से संबंधित गतिविधियां सुबह नौ बजे से शाम तीन बजे तक जारी रखी जा सकती है.

बता दें कि उत्तर प्रदेश में गिरते तापमान को देखते हुए लखनऊ और मैनपुरी में 7 जनवरी 2023 तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं. शीतलहर के चलते पंजाब में भी 8 जनवरी 2023 तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं. इसी तरह राजस्थान के स्कूलों को भी 5 जनवरी 2023 तक शीतकालीन अवकाश के चलते बंद कर दिया गया है. इससे पहले दिन में भारतीय मेट्रोलॉजिकल विभाग ने उत्तर भारत के लिए शीत लहर की भविष्यवाणी की है और उसी के संबंध में अलर्ट जारी किया. मौसम पूर्वानुमान में आईएमडी ने कहा कि अगले तीन दिनों में तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है और विशेष रूप से दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए चेतावनी जारी की है.
Report By :- PALAK TIWARI, EDUCATION DESK, NATION EXPRESS, RANCHI