बड़ा खुलासा : जेल में बंद घोटाले के कुछ आरोपी ईडी के अधिकारियों को नुकसान पहुंचाने की फिराक में : मनी लॉन्ड्रिंग के कुछ आरोपी लगातार नक्सलियों के संपर्क में
NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
मनी लॉन्ड्रिंग के कुछ आरोपितों ने नक्सलियों से भी साठगांठ की थी
खतरे की आशंका जताते हुए ईडी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को कराया अवगत
जेल के अंदर छापेमारी इसी इनपुट पर हुई
जेल प्रशासन भी प्रेम प्रकाश की मदद कर रहा है
ईडी ने कहा कि प्रेम प्रकाश जेल से ही अपना सिंडिकेट चला रहा है
झारखंड में मनरेगा घोटाला, खनन घोटाला, टेंडर कमीशन घोटाला और जमीन घोटाला मामले की जांच कर रहे ईडी ने शुक्रवार को बड़ा खुलासा किया है। जांच एजेंसी ने कहा कि जेल में बंद घोटाले के कुछ आरोपी ईडी के अधिकारियों को नुकसान पहुंचाने की फिराक में हैं। इसके लिए वे लगातार नक्सलियों के संपर्क में हैं। खतरे की आशंका को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय को इसकी जानकारी दे दी गई है।
- Advertisement -

इससे पहले जमीन घोटाला और अवैध खनन मामले में जेल में बंद अफसरों व नेताओं के करीबी रहे प्रेम प्रकाश की गतिविधियों की जांच के लिए ईडी ने शुक्रवार शाम बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा (होटवार जेल) में छापेमारी की। ईडी ने कहा कि प्रेम प्रकाश जेल से ही अपना सिंडिकेट चला रहा है। क्या करना है, पैसे कहां और किसे पहुंचाने हैं, यह पूरा निर्देश जेल से ही दे रहा है। ईडी को इस संबंध में पुख्ता जानकारी मिली है। यह भी पता चला है कि प्रेम प्रकाश जेल में ईडी के गवाहों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।
ये प्रमुख आरोपी अभी होटवार जेल में बंद
विभिन्न घोटालों में ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए कई आरोपी अभी होटवार जेल में बंद हैं। इनमें रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन, बड़गाईं अंचल के राजस्व उपनिरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, प्रेम प्रकाश, जगतबंधु टी एस्टेट के संचालक दिलीप घोष और कोलकाता के कारोबारी अमित अग्रवाल शामिल हैं। इनके अलावा अफसर अली उर्फ अफ्सू खान, इम्तियाज अहमद, प्रदीप बागची, तल्हा खान, फैयाज खान, मोहम्मद सद्दाम हुसैन, भरत प्रसाद, राजेश राय, कृष्णा कुमार साहा, भगवान भगत व टिंकल भगत भी जेल में हैं। वहीं आय से अधिक संपत्ति मामले में ग्रामीण कार्य विभाग के निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम, उसका चचेरा भाई आलोक रंजन, हरीश यादव, भानु कंस्ट्रक्शन केस में संजय तिवारी व राजू कुमार और शराब घोटाले में योगेंद्र तिवारी भी अभी जेल में हैं।

जांच एजेंसी को मिले सबूत- आरोपियों को जेल में दी जा रही सुविधाएं, सीसीटीवी फुटेज नष्ट किए जा रहे
जांच एजेंसी को इस बात के पुख्ता सबूत मिले हैं कि ईडी द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों को जेल मैनुअल का उल्लंघन कर सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। ईडी को इसके सबूत न मिले, इसके लिए जेल में लगे सीसीटीवी के फुटेज को भी नष्ट किया जा रहा है। इस काम में जेल प्रशासन भी प्रेम प्रकाश की मदद कर रहा है।
Report By :- RUPALI MITRA, NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI