दुर्गा पूजा के दौरान भी बारिश डाल सकती है खलल : मौसम विभाग ने जताई भारी बारिश की आशंका, येलो अलर्ट जारी
WEATHER DESK, NATION EXPRESS, रांची
दुर्गापूजा में बारिश की चेतावनी ने पूजा समितियों की बढ़ाई चिंता…. झारखंड में अगले कुछ दिनों में बारिश की संभावना
झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. एक तरफ सुबह के समय जहां धूप निकल रही है तो वहीं शाम होते होते राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मूसलाधार बारिश देखी जा रही है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दुर्गा पूजा के दौरान भी बारिश खलल डाल सकती है.
- Advertisement -
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आंनद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है जिसका असर पूरे झारखंड में देखने को मिलेगा. बंगाल की खाड़ी में साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से लो प्रेशर एरिया बन रहा है जो ओडिशा से होकर छत्तीसगढ़ के रास्ते झारखंड में प्रवेश करेगा. जिसका असर दुर्गा पूजा में देखने को मिलेगा.
एक अक्टूबर से बारिश शुरू होगी और तीन से पांच अक्टूबर तक राज्यभर में भारी बारिश देखने को मिलेगी. मौसम वैज्ञानिक ने पूजा पंडालों को भी वॉटर प्रूफ पूजा पंडाल बनाने की सलाह दी है. मौसम विभाग ने तीन और चार अक्टूबर के लिए येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है.
वहीं झारखंड में मॉनसून की बात करें तो इस बार राज्य में मॉनसून का आगमन थोड़ा लेट से हुआ है. लेकिन दो से तीन के गैप पर अच्छी बारिश राज्य में देखने को मिल रही है. वहीं भारी बारिश होने की वजह से रांची और इसके आसपास के इलाकों के बांधों का वॉटर लेवल भी बढ़ गया है. रुक्का डैम हो या पतरातू, गोंदा या फिर धुर्वा डैम, सभी में पानी लबालब भरा हुआ है. रांची के धुर्वा डैम में पानी खतरे के निशान तक पहुंच गया है. आलम ये है कि आने वाले दिनों में तेज बारिश से डैम के सभी फाटक भी खोलने पड़ सकते हैं. जाहिर है बारिश न केवल दुर्गा पूजा में बल्कि इसके बाद भी आफत ला सकती है.
Report By :- KAJAL TIWARI, WEATHER DESK, NATION EXPRESS, रांची