रिटायर्ड IAS की पत्नी ने आदिवासी लड़की को 8 साल तक घर में बंधक बनाकर रखा : गर्म तवे से चेहरा जलाया, पेशाब चटाई, रॉड से मार कर दांत तोड़े
NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
रांची में एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की पत्नी और बीजेपी नेता सीमा पात्रा के घर से एक आदिवासी लड़की को छुड़ाया गया है। लड़की ने पुलिस को बताया कि उसने कई सालों से सूरज की रोशनी तक नहीं देखी। उसे एक कमरे में कैद कर के रखा जाता था। जीभ से फर्श को साफ करवाया जाता था। यहां तक कि पेशाब भी चटाई जाती थी। उसके मालिक इस कदर बेरहम थे कि रॉड से मार कर उसके दांतों को तोड़ दिया था। कभी-कभी उसे गर्म तवे से जलाते थे। तवे से जला हुआ लड़की का चेहरा देखा भी जा सकता है।

- Advertisement -
सीमा पर आरोप हैं कि लड़की को उसने 8 साल से घर में बंधक बनाकर रखा था। घरेलू कामकाज के नाम पर लड़की को बुरी तरह प्रताड़ित किया जाता था। उसके साथ मारपीट की जाती थी। बीमार होने पर इलाज भी नहीं कराया जाता था। लड़की ने एक कर्मचारी के फोन पर इसकी सूचना दी जिसके बाद पुलिस ने लड़की को छुड़ाया। इस मामले के सामने आने के बाद सीमा पात्रा को बीजेपी ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने यह कार्रवाई की है।
सीमा पात्रा के खिलाफ रांची के अरगोड़ा थाना एससी एसटी की अलग-अलग धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कराया गया है। साथ ही आईपीसी की अलग-अलग धारा के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच के लिए हटिया डीएसपी राजा मित्रा को केस का आईओ बनाया गया है। सीमा पात्रा पूर्व आईएएस महेश्वर पात्रा की पत्नी हैं। बीजेपी नेत्री हैं, हालांकि मामले के सामने आने के बाद सीमा पात्रा को भाजपा से निष्कासित कर दिया गया है।

क्यों दर्ज हुआ है बीजेपी नेत्री के खिलाफ मामला दर्ज
दरअसल उनके अशोक नगर स्थित आवास में लंबे समय से बंधक बनाकर रखी गई एक दिव्यांग युवती को पुलिस ने मुक्त कराया है। घर में बंधक बनी युवती ने किसी प्रकार मोबाइल पर विवेक आनंद बास्के नामक एक सरकारी कर्मचारी को मैसेज भेजकर अपने ऊपर हो रहे अत्याचार के बारे में जानकारी दी थी। सूचना पर अरगोड़ा थाने में शिकायत दर्ज की गई थी। सुनीता ने कहा कि वह गुमला की रहने वाली है। उसने बताया कि सीमा पात्रा के दो बच्चे हैं। बेटी की दिल्ली में जॉब लगी तो वह 10 साल पहले घर में काम करने दिल्ली गई। 6 साल पहले वह रांची वापस आ गई। सुनीता ने बताया कि उसे खाना भी नहीं दिया जाता था। उसे इतना प्रताड़ित किया गया कि वह चल भी नहीं पाती थी। वह फर्श पर घिसट-घिसट कर चलती थी। अगर पेशाब कमरे से बाहर चली जाए तो जीभ से फर्श को साफ करवाया जाता था।

प्रशासन की टीम ने किया था रेस्क्यू
मामले की जानकारी मिलने के बाद रांची पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने महिला को रेस्क्यू किया था। पात्रा के खिलाफ शिकायत मिली थी कि उनके घर में एक युवती है, जिसकी उम्र करीब 29 वर्ष के आसपास है। उसके साथ मारपीट की घटना भी होती है और उसे घर से निकलने की इजाजत भी नहीं है।
उसे बुरी तरह मारा-पीटा जाता है और जबरन उससे घर के काम काज कराये जाते हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद अरगोड़ा पुलिस और जिला प्रशासन की टीम ने पात्रा के घर पहुंचकर युवती सुनीता का रेस्क्यू किया। पीड़िता गुमला जिले की रहने वाली है।
पूर्व IAS महेश्वर पात्रा की पत्नी हैं सीमा पात्रा
सीमा पात्रा के पति महेश्वर पात्रा राज्य में आपदा प्रबंधन विभाग में सचिव रहे हैं। और विकास आयुक्त के पद से रिटायर हुए हैं। सीमा पात्रा का अशोक नगर रोड नंबर 1 पर घर है। पुलिस पीड़िता के मेडिकली फिट होने का इंतजार कर रही है ताकि 164 के तहत बयान दर्ज कराया जा सके। फिलहाल पीड़िता की सुरक्षा में 2 महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं ताकि उसे किसी तरह से प्रभावित नहीं किया जा सके। हालांकि सीमा पात्रा के बारे में कहा जाता है कि वह बीजेपी की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ विंग की राज्य समन्वयक थी।
फ़िलहाल रिम्स में चल रहा इलाज
पीड़िता सुनीता को रेस्क्यू कराने के बाद उसको रिम्स में भर्ती कराया गया है। वहां उसका इलाज चल रहा है। मेडिकल फिट होने के बाद पीड़िता को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद 164 का बयान दर्ज किया जाएगा। पीड़िता सुनीता की सुरक्षा में दो महिला सुरक्षाकर्मियों को भी लगाया गया है।
Report By :- ANUSHKA SHARMA, NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI