NEWS DESK, NATION EXPRESS, साहिबगंज
HIGHLIGHTS
- राजस्व कर्मचारी पर दुष्कर्म करने का आरोप
- 12 वर्षों तक युवती के साथ करता रहा दुष्कर्म
- युवती को प्रेगनेंट कर गर्भपात कराने का भी आरोप
जिले के रांगा थाना क्षेत्र में एक राजस्व कर्मचारी पर यौन शोषण करने का आरोप लगा है। पीड़िता ने राजस्व कर्मचारी पर 12 साल तक उसका दुष्कर्म करने की बात कही है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- Advertisement -
युवती ने पुलिस को बताया कि जब उसकी उम्र 16 वर्ष थी तब से ब्रह्मचारी वीरेंद्र पहाड़िया उसका यौन शोषण कर रहा है। शुरुआत में ब्रह्मचारी वीरेंद्र पहाड़िया को वह भाई मानती थी और उसके बुलाने पर उसके घर आती जाती रहती थी।

16 साल की उम्र से कर रहा था दुष्कर्म
इसी का गलत फायदा उठाकर उसने 2010 में उसके साथ दुष्कर्म किया। उस समय उसकी उम्र मात्र 16 वर्ष थी। विरोध करने पर उसने शादी का वादा किया। युवती के अनुसार, पहाड़िया ने यह छिपाया कि वह पहले से शादीशुदा है और उसकी पत्नी और बच्चे भी हैं। शादी का झांसा देकर वह लगातार जबरन दुष्कर्म करता रहा। इस बीच जब वह इसकी शिकायत थाना में करने की बात कहने लगी तो वह कैरियर बर्बाद करने और जान से मारने की धमकी देने लगा। इस दौरान वह कई बार गर्भवती भी हो गई और आरोपी उसका गर्भपात कराता रहा।
कई बार कराया गर्भपात
युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी राजस्व कर्मी ने 17 अगस्त 2023 को आखिरी बार उसके पेट में पल रहे तीन माह के बच्चे को साहिबगंज के एक निजी अस्पताल में ले जाकर गर्भपात कराया था। इसके बाद उसने 22 अगस्त 2023 को एसपी नौशाद आलम से घटना की शिकायत की। एसपी के निर्देश पर रांगा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह ने बताया कि तलबड़िया का रहने वाला ब्रह्मचारी वीरेंद्र पहाड़िया (51) उधवा में राजस्व कर्मचारी के पद पर तैनात है। उसका घर गोड्डा जिला के सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र में छोटा सबई कुण्डी में है। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच पड़ताल करने में जुटी हुई है।
Report By :- ISHA SINGH, NEWS DESK, NATION EXPRESS, साहिबगंज