एंटरटेनमेंट डेस्क, NATION EXPRESS
हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता शक्ति कपूर अपना जन्मदिन तीन सितंबर को मनाते हैं। वह बॉलीवुड के उन कलाकारों में से एक हैं जिन्होंने फिल्मी पर्दे पर न केवल विलेन बनकर बल्कि कॉमेडी से भी हमेशा दर्शकों के दिलों को जीता है। शक्ति कपूर ने 90 के दशक की कई फिल्मों में अपने हर एक किरदार से एक अमिट छाप छोड़ी। जन्मदिन पर हम आपको उनसे जुड़ी खास बातों से रूबरू करवाते हैं।
शक्ति कपूर का असली नाम सुनील सिकंदरलाल कपूर है
- Advertisement -
शक्ति कपूर ने अपने फिल्मी सफर में अलग- अलग कलाकारों के साथ काम किया है। शुरुआत में उन्होंने कई फिल्मों में छोटे-छोटे किरदार किए, लेकिन उन्हें असली पहचान साल 1977 में आई फिल्म ‘खेल खिलाड़ी का’ से मिली थी। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक फिल्मों और कलाकारों के साथ काम किया। कई फिल्मों में शक्ति कपूर ने अपने लुक और ड्रेस की वजह से खूब सुर्खियां बटोरी थीं।
शक्ति कपूर का असली नाम सुनील सिकंदरलाल कपूर है, लेकिन फिल्मी दुनिया में कदम रखने के कुछ समय बाद ही उन्होंने अपना नाम बदलकर शक्ति कपूर कर लिया था। वह पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। इन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से अपनी पढ़ाई की थी। जिसके बाद उन्होंने अपना फिल्मी सफर शुरू किया था।
एक इंटरव्यू में शक्ति कपूर बोल चुके हैं कि भगवान ने मुझे बहुत कुछ दिया। फिल्मी सफर में कई दिग्गजों का आशीर्वाद रहा। इनमें सुनील दत्त, फिरोज खान और विनोद खन्ना जैसे लोग रहे। शक्ति कपूर ने अकेले कादर खान के साथ करीब 100 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया है। जिसमें वह ज्यादातर फिल्मों में विलेन की भूमिका में नजर आए थे।
शक्ति कपूर की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने शिवांगी कोल्हापुरे से लव मैरिज की थी। दोनों ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट किया था। उसके बाद उन्होंने शादी करने का फैसला किया। शक्ति कपूर की शिवांगी से फिल्म ‘किस्मत’ के सेट पर मुलाकात हुई थी। पहली मुलाकात में ही वह शिवांगी को दिल दे बैठे थे। शिवांगी कोल्हापुरे अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे की बहन हैं। शक्ति कपूर की बेटी अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और बेटा सिद्धांत कपूर हैं।
Report By :- Muskan Singh, एंटरटेनमेंट डेस्क, NATION EXPRESS