फल कारोबारी की बेटी के अपहरण की साजिश का पर्दाफाश ! कर्ज चुकाने के लिए पेंटिंग टीचर ने रची थी अपहरण की नापाक साजिश, पांच गिरफ्तार
CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
पुलिस का हार्ड वर्क आया काम
दस लाख की फिरौती के लिए पेंटिंग टीचर ने रची थी फल कारोबारी की बेटी के अपहरण की साजिश
रांची से अपहृत बच्ची को पटना ले जाना चाहते थे अपहर्ता, एनकाउंटर के डर से छात्रा को छोड़कर भागे
झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब सिरमटोली फ्लाइओवर से स्कूल जा रही एक छात्रा का दिनदहाड़े कार सवार अपराधियों ने अपहरण कर लिया। अपराधियों ने घटना के दौरान फायरिंग करते हुए मेकॉन चौक की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और 12 घंटे के भीतर अपराधियों को गिरफ्तार कर छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया गया।
- Advertisement -
नाकाबंदी और ताबड़तोड़ चेकिंग
सुबह करीब 8.30 बजे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक सह वरीय पुलिस अधीक्षक रांची ने जिले भर में नाकाबंदी का आदेश दिया। 90 से ज्यादा स्थानों पर चेकिंग शुरू की गई और पड़ोसी जिलों को भी सतर्क कर दिया गया। सभी पुलिस अधीक्षकों से व्यक्तिगत रूप से अपील की गई कि वे सघन चेकिंग अभियान चलाएं।
रामगढ़ पुलिस की मदद से छात्रा बरामद
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और दबिश के चलते रामगढ़ पुलिस के सहयोग से कुजू ओपी क्षेत्र में छात्रा को सुरक्षित बरामद किया गया। हालांकि उस वक्त अपराधी वाहन समेत वहां से फरार हो गए। वरीय पुलिस अधीक्षक ने तुरंत 8 टीमों का गठन किया और उन्हें अलग-अलग टास्क देकर अपराधियों की गिरफ्तारी का निर्देश दिया।
तीन दिन पहले बनायी अपहरण की योजना
एसएसपी ने बताया कि अपराधी रूद्रांश विश्वकर्मा पेंटिंग का शिक्षक के साथ एक जिम ट्रेनर भी है. जिस संस्थान में छात्रा पेंटिंग क्लास करती थी, वहां पर रूद्रांश भी पेंटिंग क्लास लेता था. आरोपी रूद्रांश फारेक्स ट्रेडिंग में पैसा लगाया करता है, लेकिन उसका पैसा डूब गया और उस पर कर्ज भी हो गया था. आरोपी को यह जानकारी थी कि छात्रा के पिता आफताब उर्फ सोनू फल विक्रेता हैं और उनके पास काफी पैसा है. इसी वजह से उसने बच्ची को टारगेट किया. तीन दिन पहले अपने साथियों के साथ मिलकर बच्ची के अपहरण की योजना बनायी. इसके लिए बच्ची की रेकी भी की गई. जब बुधवार सुबह टुकटुक से बच्ची स्कूल जाने लगी, तभी आरोपी अपनी कार से सिरमटोली फ्लाइओवर में टुकटुक में टक्कर मारा और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की. इसके बाद अपहरण की घटना को अंजाम दिया.
सीसीटीवी और तकनीकी जांच से सुराग
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस ने घटना में शामिल चारों अपराधियों और एक सहयोगी को पकड़ लिया। महज 12 घंटे में पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए हथियार, वाहन और अन्य सबूत बरामद किए।
अपराधियों की पहचान और मास्टरमाइंड
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान रुद्रांशु विश्वकर्मा (मुख्य साजिशकर्ता), ऋषभ वर्मन, विकास कुमार के रूप में हुई है जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि मास्टरमाइंड रुद्रांशु विश्वकर्मा एक जिम ट्रेनर है, जिसने कर्ज चुकाने के लिए फिरौती के मकसद से अपहरण की योजना बनाई थी। अपराधियों ने घटना के दौरान हसबुल्ला, सुनील, बिट्टू और प्रीतम जैसे फर्जी नामों का इस्तेमाल किया ताकि उनकी असली पहचान उजागर न हो।
अपहृत छात्रा को पटना ले जाने के फिराक में थे अपहरणकर्ता
अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटी बच्ची डरी-सहमी है. छात्रा ने कुजू ओपी परिसर में कहा कि अपहरण होने के बाद अपराधियों ने उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी थी. अपराधियों ने उसके साथ मारपीट नहीं की. सभी अपराधी आपस में बात कर रहे थे कि वे मुझे (छात्रा को) पटना ले जायेंगे.
फायरिंग करने वाला ऋषभ वर्मन
पुलिस के अनुसार, अपहरण के दौरान गोली चलाने वाला अपराधी ऋषभ वर्मन था। अपराधियों का प्लान छात्रा को बिहार ले जाकर फिरौती मांगने का था। घटना में प्रयुक्त ह्युंडई i20 कार (JH01FP8837) को भी बरामद कर लिया गया है, जिसे अपराधियों ने नंबर प्लेट बदलकर JH01FU6874 कर दिया था।
हथियार और नकदी बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक देशी पिस्टल, एक कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, दो स्मार्टफोन और 5200 रुपये नकद बरामद किए। डुप्लिकेट नंबर प्लेट बनाने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
आम नागरिक का योगदान और सम्मान
रांची पुलिस ने बताया कि घटना के समय एक व्यक्ति ने अपराधियों की गाड़ी का नंबर नोट कर पुलिस को सूचित किया, जिसकी मदद से मामले का शीघ्र खुलासा हुआ। पुलिस ने घोषणा की है कि उस व्यक्ति को गोपनीय रूप से सम्मानित किया जाएगा।
पुलिस का बयान
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “यह पुलिस और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है कि छात्रा को सुरक्षित बरामद कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा सका। भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए पुलिस और सख्त कदम उठाएगी।”
Report By :- SHADAB KHAN, CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI