BIG NEWS 4 दिनों का टोटल लॉकडाउन.. घरों में कैद लाखों लोग.. कोरोना के बढ़ते मामलों ने फिर बढ़ाई टेंशन, INDIA में जून में आ सकती है कोविड की चौथी लहर
HEALTH DESK, NATION EXPRESS, NEW DELHI / MUMBAI
चीन के शंघाई में फिर से लगा कोरोना लॉकडाउन, एक्सपर्ट्स ने बताया भारत के लिए खतरा
गर्मियों के मौसम में बढ़ सकते हैं कोविड के मामले, महाराष्ट्र कोविड टास्क फोर्स का दावा
बॉलीवुड एक्ट्रेस लारा दत्ता की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव, BMC द्वारा सील की गयी उनकी पूरी बिल्डिंग
चीन की सबसे बड़े शहर शंघाई में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं। वहीं, लाखों लोग लॉकडाउन के कारण अपने घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। स्वास्थ्य अधिकारियों ने रविवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 438 नये मामलों की पुष्टि हुई है। साथ ही, 7,788 ऐसे मामले भी सामने आये हैं जिनमें संक्रमण के लक्षण नहीं थे। यह दोनों ही मामले कल की तुलना में थोड़े ज्यादा हैं। हालांकि, कई देशों की तुलना में यह संख्या कम है, लेकिन दैनिक मामले चीन में 2019 के अंत में वुहान में मिले मामलों के बाद सबसे ज्यादा हैं।
- Advertisement -

शंघाई में 2.6 करोड़ की आबादी दो चरणों में लॉकडाउन का सामना कर रही है। पूर्वी पुडोंग क्षेत्र के निवासियों को शुक्रवार को घरों से निकलने की इजाजत दी जानी थी, जबकि पश्चिमी पुशी क्षेत्र में शुक्रवार से चार दिन के लिए लॉकडाउन लगा हुआ है। आश्वासन के बावजूद, पुडोंग में लाखों लोग लगातार घरों में बंद हैं। निवासियों से कहा गया है कि वे रोज़ाना कोविड-19 की जांच करें, घर में मास्क लगाने समेत एहतियाती उपाय करें और परिवार के सदस्यों के नजदीक जाने से बचें। सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने खबर दी है कि सत्तारूढ़ कंप्यूनिस्ट पार्टी की पोलित ब्यूरो की सदस्य सुन चुनलैन ने आग्रह किया है कि शंघाई में जल्द से जल्द कोविड के मामलों पर काबू करने के लिए तेज़ी से कदम उठाए जाएं।

कोरोना ने पूरी दुनियाभर में कोहराम मचा रखा है और इसमें भारत की जनता को भी आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को झेलना पड़ा। लेकिन कोरोना की तीसरी लहर (Third covid wave in India) भारत से पूरी तरह से जा चुकी है और उसके बाद कोरोना के दैनिक मामलों में निरंतर कमी देखी जा रही है। लेकिन दुनियाभर के कई देशों में अभी भी कोरोना शांत नहीं बैठा है, अमेरिका, इंग्लैंड, रूस, फ्रांस, जर्मनी, साउथ कोरिया और चीन जैसे देशों में यह फिर से अपना रंग दिखा रहा है। चीन में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए शंघाई शहर में लॉकडाउन लगा दिया है और बड़े स्तर पर जांच की जा रही है। पड़ोसी देश में तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए भारत में भी कोरोना की चौथी लहर (Fourth Corona wave in India) आने का खतरा बढ़ चुका है। दुनियाभर में कोरोना के फिर से बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सरकार भी सतर्क है और उसने स्वास्थ्य से संबंधित सभी विभागों को तैयार रहने के लिए कहा है।

इस वजह से बढ़ सकते हैं कोरोना के मामले
शोधकर्ताओं के अनुसार, गर्मियों के मौसम में हवा में चिपचिप और आर्द्रता बढ़ने पर वायरस को पनपने के लिए अनुकूल वातावरण मिल सकता है। हालांकि, एक्सपर्ट्स का यह भी कहना है कि मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग(Social Distancing) समेत कोविड संक्रमण से संबंधित प्रोटोकॉल का पालन करने से संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद हो सकती है। मुंबई महानगरपालिका के अधिकारियों ने इसके साथ ही टेस्टिंग, ट्रैकिंग और वैक्सीनेशन के फॉर्मूले को अपनाने पर जोर दिया।
मुंबई में गर्मियों में रहा कोरोना पीक पर
महाराष्ट्र के कोविड टास्क फोर्स के सदस्यों डॉ. शशांक जोशी और डॉ. राहुल पंडित ने कोविड संक्रमण के मामलों में इजाफा होने के विषय पर बात की। टास्क फोर्स के सदस्य डॉ. शशांक जोशी ने कहा कि, अब तक की स्थितियों और पर नजर दौड़ाए तो यह समझ आता है कि पश्चिम के देशों में कोविड संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी सर्दियों के मौसम में हुई जबकि, भारत में पिछली दोनों लहरों में यह बढ़ोतरी मौसम में गर्मी बढ़ने के साथ देखी गयी। जैसा कि गर्मियों में हवा में आर्द्रता बढ जाती है और ऐसे मौसम में वायरस पनप सकता है। वहीं, डॉ. राहुल पंडित के अनुसार, मुंबई शहर में कोरोना वायरस की पहली लहर और सेकेंड वेव के दौरान देखा गया कि, कोरोना वायरस के मामले सर्वाधिक देखे गए और संक्रमण पीक पर रहा

कोरोना के बढ़ते मामलों में भारत को खतरा
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) एक्सपर्ट डॉ. आर आर गंगाखेड़कर ने न्यूज 18 को दिए इंटरव्यू में बताया कि वायरस जितना ज्यादा म्यूटेशन करता है खतरा उतना ही बढ़ता है। उन्होंने बताया कि चीन में कोविड का आउटब्रेक भारत को भी नुकसान पहुंचा सकता है और इसलिए वहां की कोरोना स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है। साथ ही चीन व अन्य देशों में फैल रहे कोरोने से भारत को होने वाले खतरे पर कई एक्सपर्ट्स अपनी राय दे चुके हैं और अधिकतर का यही मानना है कि भारत को भी सतर्क रहना चाहिए।
चीन में घरों से बाहर नहीं जा सकते लोग
बता दें कि चीन के बड़ी आबादी वाले शहर शंघाई में लॉकडाउन लग चुका है। सरकार ने लोगों को किसी काम से भी घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है और खाने-पीने व अन्य जरूरी समान को ऑनलाइन ऑर्डर करने का सुझाव दिया है। चीन के बढ़ते मामलों को देखते हुए चीनी सरकार की जीरो कोविड नीति फेल होती दिख रही है।
जून में आ सकती है कोविड की चौथी लहर, जानें कब पीक पर होगी और कब समाप्त होगी चौथी लहर
कोविड की तीन लहर झेलने वाला भारत इस साल जून में चौथी लहर का शिकार हो सकता है। दिसंबर 2021 से जनवरी 2022 में ओमिक्रोन वेरिएंट के बाद भारत में आई कोरोना की तीसरी लहर भले ही उतनी खतरनाक न साबित हुई हो लेकिन इस बार कड़ी सावधानी और एहतियाती उपायों ने काफी हद तक जोखिम को कम करने का काम किया है। हाल ही में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर (आईआईटी-के) के शोधकर्ताओं ने देश में चौथी लहर की भविष्यवाणी की है।
जून में आ सकती है कोरोना की चौथी लहर
आईआईटी कानपुर के वैज्ञानिकों ने चेतावनी जारी की है कि देश में 22 जून के आसपास कोविड-19 की चौथी लहर लौट सकती है। अध्ययन के मुताबिक, भारत में जून के महीने में देश कोविड की गिरफ्त में हो सकता है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, देश में जून के महीने में चौथी कोविड लहर देखने की संभावना है और कोरोना के मामलों में वृद्धि लगभग चार महीने तक जारी रहने की संभावना है।
इन कारकों पर निर्भर करेगी गंभीरता
अध्ययन के मुताबिक, देश में अगली लहर की गंभीरता नए वेरिएंट के सामने आने, वैक्सीनेशन की स्थिति और बूस्टर खुराक दिए जाने पर निर्भर करेगी।
बॉलीवुड एक्ट्रेस लारा दत्ता की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव, BMC द्वारा सील की गयी उनकी पूरी बिल्डिंग
बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। गौरतलब है कि, लम्बे समय बाद मुंबई फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कोरोना संक्रमण का मामला सामने आया है। गौरतलब है कि मुंबई और महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के मामलों में काफी दिनों से लगातार दर्ज की जा रही गिरावट के बीच बीएमसी ने कोविड की संभावित चौथी लहर से जुड़ी तैयारियां भी पूरी कर लेने के दावे किए हैं। मिली जानकारी के अनुसार मुंबई महानगरपालिका ने लारा दत्ता के मुंबई के घर को सील कर दिया है। बीएमसी द्वारा लारा दत्ता के घर के आसपास के क्षेत्र को ‘माइक्रो कंटेनमेंट जोन’ घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही बीएमसी ने अभिनेत्री के घर के बाहर पोस्टर भी चिपका दिए गए हैं।
Report By :- MADHURI SINGH / ADITI GUPTA, HEALTH DESK, NATION EXPRESS, NEW DELHI / MUMBAI