रांची शहर के 1300 अपार्टमेंट में रह रहे लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे : अपार्टमेंट मे लगे CCTV कैमरे की क्वालिटी बेहद ही खराब, दुर्घटना या वारदात होने की स्थिति में नहीं मिलेगा कोई साक्ष्य-सबूत
NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
राजधानी बनने के बाद रांची में साेसाइटी कल्चर बढ़ा है। शहर में करीब 3000 अपार्टमेंट हैं, जहां हजारों परिवार रह रहे हैं। हालिया दिनों में लूट, छिनतई, चेन स्नैचिंग, मारपीट और हत्या जैसी बढ़ती वारदातों ने हर शख्स के चेहरे पर खौफ बढ़ा दिया है। अपार्टमेंट्स में रह रहे परिवारों की सुरक्षा पर पड़ताल की कि तो यह सामने आया कि 600 अपार्टमेंट में ताे सीसीटीवी लगे ही नहीं हैं। वहीं 700 ऐसे अपार्टमेंट हैं, जहां सीसीटीवी तो लगाए गए हैं, लेकिन उसके कैमरे की क्वालिटी इतनी खराब है कि फुटेज में कैप्चर हुए तस्वीर किसकी है और गतिविधियां क्या हैं, इसका पता ही नहीं चलता।
स्पष्ट है कि शहर के 1300 अपार्टमेंट में किसी तरह की दुर्घटना या वारदात होने की स्थिति में किसी प्रकार का साक्ष्य-सबूत पुलिस या अपार्टमेंट के वाशिंदों को नहीं मिल सकता। वारदात होने की स्थिति में अपराधी की पहचान की ही नहीं जा सकती। यानी अपार्टमेंट में गार्ड को चकमा देकर कोई अपराधी चोरी, लूट, मारपीट या अन्य घटना को अंजाम देकर निकल जाते हैं तो पुलिस को सीसीटीवी से कोई साक्ष्य मिलने की आशा करना बेमानी होगी।
- Advertisement -

दो मामलों से जानिए शहर के अपार्टमेंट्स में किस तरह सुरक्षा से खिलवाड़
1. चित्रा करुणा अपार्टमेंट : मेन गेट खुला रहता है, गार्ड को चकमा दे कोई भी घुस सकता है
बरियातू में 10 वर्ष पहले बने इस अपार्टमेंट में 30 फ्लैट हैं। 30 परिवार के लाेग अपने बच्चाें के साथ यहां रहते हैं। सुरक्षा के नाम पर 2 गार्ड ताे हैं, लेकिन मेन गेट हमेशा खुला रहता है। ऐसे में काेई भी व्यक्ति तैनात गार्डों को चकमा देकर अपार्टमेंट के अंदर तक आसानी से प्रवेश कर सकता है। इस अपार्टमेंट में कभी सीसीटीवी लगाया ही नहीं गया।

2. श्रीपतिलाल अपार्टमेंट: 50 मीटर की दूरी पर हो चुकी है हत्या, फिर भी सीसीटीवी खराब
मेन राेड से सटे ओल्ड कमिश्नर कंपाउंड की अंतिम गली में श्रीपतिलाल अपार्टमेंट है। सुरक्षा के नाम पर गार्ड है, पर बीमार रहने से वह 4 दिन से छुट्टी पर है। ऐसे में सीसीटीवी नहीं होने से अपार्टमेंट में कब काैन आना-जाना कर रहा है, किसी काे जानकारी नहीं है।
अपार्टमेंट में ही रहने वाली एक महिला ने बताया कि सीसीटीवी अपार्टमेंट में लगा है, लेकिन खराब है। बता दें कि इस अपार्टमेंट से 50 मीटर की दूरी पर 8 जून 2022 काे बाइक सवार अपराधियाें ने दिनदहाड़े जेवर काराेबारी उमेश पाॅल की गाेली मारकर हत्या कर दी थी। हत्यारे अब तक गिरफ्त से बाहर हैं।

हाई रिज्याेलूशन कैमरे नहीं लगाने पर भेजा जाएगा नोटिस
रांची समेत 5 जिलाें के शहरी इलाकाें में मार्केटिंग काॅम्प्लेक्स समेत सभी प्रकार के व्यापारिक संस्थानाें में हाई रिज्याेलूशन कैमरे लगाना अनिवार्य हाेगा। इसे लेकर डीआईजी अनूप बिरथरे ने रांची एसएसपी समेत लाेहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी के एसपी काे पत्र लिखा है। इसमें निर्देश दिया गया है कि सभी थाना प्रभारियाें काे अपने-अपने क्षेत्र में स्थित मार्केट काम्प्लेक्स और व्यापारिक संस्थानाें की सूची तैयार कराई जाए। कैमरे नहीं लगाने पर धारा-144 के तहत नोटिस भेजा जाएगा।

चैंबर अध्यक्ष बाेले – सीसीटीवी लगाने के लिए पहल हाेगी
चैंबर अध्यक्ष किशाेर मंत्री ने बताया कि शहर में जिन अपार्टमेंट और मार्केटिंग कॉप्लेक्स में सीसीटीवी नहीं लगे हैं, सुरक्षा के लिहाज से यह काफी चिंताजनक है। अपार्टमेंट में रहने वाले लोग और हाउसिंग सोसाइटी से जुड़े लोगों के साथ चैंबर के सदस्य बैठक कर सीसीटीवी लगाने का आग्रह करेंगे। वे खुद इस मामले में व्यक्तिगत रूप से पहल करेंगे, ताकि किसी तरह की परेशानी या अपराध हाेने पर तुरंत स्थिति स्पष्ट हाे सके।
जिम्मेदार बोले- हाउसिंग साेसाइटी संग बैठक करेंगे थानेदार
अपराध उदभेदन में सीसीटीवी फुटेज काफी मददगार हाेते हैं। जिन अपार्टमेंट में सीसीटीवी नहीं लगे हैं, पुलिस जल्द ही हाउसिंग सोसाइटी के साथ बैठक करेगी। हाई रिजोल्यूशन कैमरे लगवाने पर ठोस पहल की जाएगी। एसएसपी को पूरी योजना बना थानेदारों को अपने इलाके के अपार्टमेंट में अच्छी क्वालिटी के सीसीटीवी लगवाने को कहा जाएगा।
-अनूप बिरथरे, डीआईजी, रांची जोन
Report By :- PALAK TIWARI, NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI