कंट्रोल से बाहर हुए अपराधी : रांची पुलिस AC कमरे मे बैठकर बनती रही रणनीति, अपराधियों ने 4 दिनों में 1 करोड़ की लूट-चोरी की घटना को दे दिया अंजाम
CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
अपराधी बेखौफ,राँची में चौथे दिन लगातार लूट: 70 साल के बुजुर्ग को शाम चार बजे तीन अपराधियों ने घर में बनाया बंधक, फिर 10 लाख के जेवरात व 20 हजार नगद ले कर हुए फरार
पिछले चार दिन में एक करोड़ से अधिक की राँची में हो चुकी है चोरी व लूट,पंडरा के पंचवटी नगर में बंधक बनाकर लूट की ये राँची में दूसरी घटना
पुलिस क्राइम मीटिंग करने में व्यस्त है। अपराध रोकने को आदेश-निर्देश दे रही है, लेकिन इसका कोई रिजल्ट नहीं दिख रहा। अपराधी बेखौफ हो गए हैं। पिछले चार दिनों से लगातार चोरी और लूट की घटनाएं हो रही हैं। 96 घंटे में एक करोड़ रुपए से अधिक की चोरी और लूट की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बाद भी पुलिस मुहल्लों में पेट्रोलिंग नहीं कर रही है।
- Advertisement -
मंगलवार को तीन अपराधियों ने पंडरा ओपी क्षेत्र के पंचवटी नगर में दिन-दहाड़े लूटपाट की। पहले 70 साल के बुजुर्ग को कमरे में बंधक बनाया, फिर उनके घर से 10 लाख रुपए के जेवरात और 20 हजार नकद लेकर फरार हो गए। चोरों के जाने के बाद पीड़ित महेंद्र प्रसाद ने अपने रिश्तेदारों को फोन किया। वे तुरंत उनके घर पहुंचे और दरवाजा खोल उन्हें कमरे से बाहर निकाला। घटना की सूचना पंडरा ओपी को दी गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
महेंद्र प्रसाद सेवानिवृत्त कर्मी हैं। लंबे समय से वे अकेले पंचवटी नगर में रह रहे हैं। उनका बेटा रेलवे में काम करता है। उसकी पोस्टिंग चक्रधरपुर में है। महेंद्र प्रसाद दिन के 3:30 बजे अपने घर में ताला लगाकर सब्जी लाने गए थे। शाम 4 बजे लौटे तो देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। वे जैसे ही अंदर गए, चोरी करने घुसे तीन चोरों ने उन्हें पकड़ लिया और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद आराम से चोरी करके चले गए।

पहले ही रेकी कर चुके थे चोर
महेंद्र प्रसाद ने बताया कि वे हर दिन 3:30 बजे के करीब सब्जी लाने बाजार जाते हैं। चोरों ने पहले से ही उनके घर की रेकी कर रखी थी। वे घर में अकेले रहते हैं, यह चोरों को पता था। मंगलवार को जैसे ही वे सब्जी लेने बाजार गए, वैसे ही चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

मुहल्ले में होती है अड्डेबाजी, पुलिस नहीं करती कार्रवाई :
चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बताया कि पंचवटी नगर में रोज असामाजिक तत्वों का अड्डा लगा रहता है। आशंका है कि उन्हीं में से किसी ने चोरी को अंजाम दिया होगा। पुलिस को भी पता है कि मुहल्ले में असामाजिक तत्वों का जुटान होता है, लेकिन उनपर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है।
Report By :-SHIWANI SINGH, CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI