Nation express
ख़बरों की नयी पहचान

रांची में चोरों का मनोबल सातवें आसमान पर ! दो महीने में 24 चोरी….. चार दुकान एक साथ खाली… कहां सोई है रांची पुलिस ?

0 258

SPECIAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI

राजधानी रांची में चोरों का मनोबल सातवें आसमान पर है. अब चोर पुलिस की नाक के नीचे चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र का है, यहां चोरों ने बाजार समिति की चार दुकानों में एक साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया है.

शहर में चोरी की वारदातों ने पुलिस-प्रशासन की नींद उड़ा दी है, लेकिन सुरक्षा देने के बजाय पुलिस अब कारोबारियों को ही पाबंद करने में जुटी है। हालात ऐसे हैं कि राजधानी का कोई भी इलाका सुरक्षित नहीं बचा है। घर, फ्लैट, दुकान, गोदाम–हर जगह चोरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। शहर के दर्जनों थाना क्षेत्रों में बढ़ती चोरी की वारदातों ने आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि कई चोरी के फुटेज, सबूत और शिकायतें मिलने के बावजूद पुलिस एक भी बड़े गिरोह को पकड़ने में सफल नहीं हो सकी है।

- Advertisement -

Theft In Pandra Bazar Samiti

चार दुकान एक साथ खाली

ताजा घटना पंडरा ओपी के ठीक बगल में स्थित पंडरा बाजार समिति की है। यहां चोरों ने एक ही रात में चार दुकानों को निशाना बनाया। दुकानों के पीछे की दीवार काटकर चोर अंदर घुसे और कैश से लेकर महंगा सामान तक उड़ा ले गए। अनुमानतः 6 लाख नकद और करीब 15 लाख के सामान की चोरी हुई है। राजेश कुमार नामक व्यापारी की दुकान से ही 4.30 लाख रुपए नगद पर हाथ साफ कर दिया गया। दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगे थे और फुटेज में चोरों की तस्वीरें स्पष्ट रूप से दिख रही हैं। इसके बावजूद चोर बेखौफ हैं और पुलिस अभी तक घटनाओं को सुलझाने में नाकाम है। व्यापारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में कैद कई आरोपियों को पुलिस पहले भी पहचान चुकी है, लेकिन पकड़ना तो दूर, कार्रवाई तक नहीं हो पाती। यही वजह है कि चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

Theft In Pandra Bazar Samiti

दो महीने में 24 चोरी

थाना                चोरी

सुखदेवनगर     08

पंडरा ओपी      06

बरियातू          04

कोतवाली       03

चुटिया           02

 

Theft In Pandra Bazar Samiti

ठेले-खोमचे हटाने में पुलिस व्यस्त

शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से निपटने के बजाय पुलिस ने एक विवादित कदम उठाया है। चोरी रोकने में विफल पुलिस ने अब दुकानदारों को रात 11 बजे तक दुकान बंद करने का फरमान जारी कर दिया है। जहां एक ओर चोर रात दर रात चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पुलिस रात में ठेले-खोमचे लगाने वालों को भगा रही है। मेन रोड, जो रात भर गुलजार रहता था, अब 11 बजे के बाद सुनसान हो जाता है। पेट्रोलिंग टीम न सिर्फ दुकानों को बंद कराने का दबाव बनाती है, बल्कि कई बार देर रात तक दुकान लगाने वालों को पीटने की भी शिकायतें सामने आई हैं। व्यापारियों का कहना है कि चोरी रोकने में पुलिस विफल है, इसलिए उल्टे आम लोगों पर पाबंदी लगाकर अपनी जिम्मेदारी से बच रही है।

पंडरा के तीन दुकानों में चोरी, जांच में जुटी पुलिस | Santal Express

कारोबारियों में उबाल

पंडरा बाजार समिति में थोक व्यापारियों की करीब तीन दर्जन दुकानें हैं। यहां चोरी की कई वारदातें पहले भी हो चुकी हैं। कारोबारी सुभाष पटवारी बताते हैं कि थाना कुछ ही कदम की दूरी पर है। इसके बावजूद चोर दुकान की दीवार काटकर लाखों की चोरी कर लेते हैं और आराम से फरार भी हो जाते हैं। पुलिस एक भी चोर को पकड़ने में सफल नहीं होती। आखिर हम किस पर भरोसा करें? व्यापारियों में पुलिस के खिलाफ गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि जब मूल अपराधियों पर कार्रवाई नहीं होती तो चोरी की वारदातें कैसे रुकेंगी?

दीवार तोड़कर सेंधमारी: पंडरा बाजार समिति की तीन दुकानों में बड़ी चोरी |  Public Adda

तंबाकू, सिगरेट और शराब की दुकानों को रात 11 बजे बंद करने का आदेश दिया गया है। गश्ती दल को सख्ती से गश्ती करने के निर्देश दिए गए हैं। चोरों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज किए जा रहे हैं। जल्द ही कार्रवाई होगी। – पारस राणा, सिटी एसपी, रांची

पुलिस पट्रोलिंग पर सवाल

-रात 10 बजे के बाद अधिकतर इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग नहीं

-कई इलाकों में तो दिन में भी गश्ती टीम दिखाई नहीं देती।

-अपराध रोकने की जिम्मेदारी पुलिस की है, लेकिन थानों में सिर्फ कागजी कार्रवाई

-पीड़ित शिकायत लेकर खुद थाने पहुंचे, तभी पुलिस सक्रिय होती है।

Report By :- ADITI PANDIT, SPECIAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI

Leave A Reply

Your email address will not be published.

GA4|256711309