मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने सोनू की मम्मी कहकर आवाज लगाई, फिर मुंह दबाकर महिला का अपहरण कर 2 लाख की ज्वेलरी, मोबाइल और 5 हजार नकद लूटे , लूट के बाद घर जाने तक के लिए 50 रुपए भाड़े के भी दिए
CRIME DESK, NATION EXPRESS, मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर में लूटपाट करने वाले शातिर काफी सक्रिय है। ताजा मामला सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर चौक के समीप का है। यहां कार सवार अपराधियों ने एक महिला का मुंह दबाकर अपहरण कर लिया। अपहरण करने से पहले अपराधियों ने महिला सोनू की मम्मी कहकर आवाज लगाई। फिर, मुंह दबाकर जबरन कार में बैठा लिया।
इसके बाद कार के भीतर लूट को अंजाम दिया। फिर, भगवानपुर चौक से करीब 8 किमी दूर संगमघाट पर कार से उतार दिया। महिला के रोने पर अपराधियों ने उन्हें घर जाने तक के लिए 50 रुपए भी दिए। घटना के बाद पीड़ित महिला ने सदर थाना में FIR दर्ज कराई है।
- Advertisement -
2 लाख की ज्वेलरी, मोबाइल और 5 हजार नकद लूटे
पीड़ित महिला रंजना शर्मा ने पुलिस को बताया- ‘मुशहरी थाना के मेघ की रहने वाली हूं। भगवानपुर स्थित सहजानन्द कॉलोनी में मायका है। देवर के साथ वह मनियारी गई थी। वहां से ऑटो पकड़कर वापस आ रही थी। इसी दौरान गोबरसही में ऑटो सवार अन्य सभी यात्री उतर गए। ड्राइवर भगवानपुर लेकर पहुंचा। वहां वह ऑटो से उतरकर आगे बढ़ने लगी तभी पीछे से एक युवक ने सोनू की मम्मी कहकर आवाज लगाई। पलटते हुए मैंने कहा कि सोनू की मम्मी नहीं हूं। इतने में दूसरे अपराधी ने मुंह दबाकर सफेद रंग की कार में बैठा लिया। फिर, जान से मारने की धमकी देते हुए लूटपाट शुरू कर दिया। अपराधियों ने 2 लाख के आभूषण, मोबाइल व 5 हजार नकद ले लिए। हाथ जोड़कर छोड़ने की बात कहने लगी। फिर, अपराधियों ने संगमघाट ले जाकर उतारा। वहां रो कर कहा कि घर जाने तक के लिए पैसे नहीं है। इस पर एक अपराधी ने घर जाने के लिए 50 रुपए दे दिया।’
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामला संज्ञान में आने के बाद सदर पुलिस छानबीन शुरू कर दी है। थानेदार सत्येंद्र कुमार मिश्र ने बताया- ‘FIR के आधार पर छानबीन की जा रही है। आसपास के इलाके में लगे CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है। अपराधियों की पहचान की जा रही है। ऑटो चालक की भूमिका संदिग्ध लग रही है।
Report By :- PRIYANKA SINGH, CRIME DESK, NATION EXPRESS, मुजफ्फरपुर