रेप और हत्या पर CM हेमंत सोरेन के बिगड़े बोल : छोटी मोटी घटनाएं होती रहती हैं, बीजेपी का पलटवार- ऐसी संवेदनहीनता का परिचय झारखंड को शर्मसार करने वाला वक्तव्य है
NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुमका जिले में एक नाबालिग की रेप के बाद हत्या पर विवादित टिप्पणी की है। सोरेन ने रविवार को मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं बोलकर नहीं आती हैं। घटनाएं तो होती रहती हैं, इनको किस तरह से लिया जाए। सीएम ने कहा कि इस मामले में मेरी जो भी सोच थी उससे आप लोगों को पहले ही अवगत करा दिया है।
- Advertisement -
इसके पहले सीएम ने अपने फेसबुक पेज पर इस घटना के बाद लिखा था कि दुमका की घटना से वो दुखी हैं। इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने दुमका पुलिस को न्याय सुनिश्चित करने के लिए सख्त कानूनी कदम उठाने का निर्देश दिया है।
10 दिन में दो हत्याएं…
पहला केस: आदिवासी लड़की के साथ रेप किया, गर्भवती हुई तो मार डाला
दुमका में 10 दिनों में नाबालिग लड़कियों के साथ रेप और मर्डर की दो घटनाएं सामने आई थीं। एक नाबालिग की शनिवार को हत्या कर दी गई थी। आरोपी काफी समय से लड़की का रेप कर रहा था। जब वह प्रेग्नेंट हुई तो गला दबाकर मार डाला। हत्या सुसाइड लगे इसलिए शव को पेड़ से टांग दिया था। लड़की आदिवासी थी। आरोपी अरमान अंसारी है।

दूसरा केस: 12वीं की छात्रा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी
इसके पहले दुमका में ही 23 अगस्त को 12वीं की छात्रा पर पेट्रोल छिड़ककर शाहरुख हुसैन ने आग लगा दी थी। रांची में इलाज के दौरान 28 अगस्त को उसकी मौत हो गई थी। 10 दिन में दुमका में दो नाबालिग लड़कियों की नृशंस हत्या से अल्पसंख्यक समुदाय के आरोपी हैं। इसकी वजह से बीजेपी हेमंत सरकार के खिलाफ हमलावर है
इसके पहले दी थी नसीहत
दुमका में रेप और हत्या के मामले में सीएम हेमंत सोरेन ने ट्वीट करके कहा था-एक भाई, बेटा और पिता होने के नाते मेरा मानना है कि सभ्य समाज में किसी भी प्रकार के अपराध को स्वीकार नहीं किया जा सकता। देश और समाज तभी मजबूत होगा जब लोगों के बीच जाति, नस्ल और रंग का भेद भुलाकर उनके बीच सामाजिक भाईचारे को सर्वोच्च स्थान दिया जाए।
आज के परिवेश में यह और भी महत्वपूर्ण हो गया है कि हम सभी मिलकर देश को जाति और धर्म के नाम पर बांटने वाले लोगों के मंसूबों पर पानी फेरें और राष्ट्र निर्माताओं के मजबूत राष्ट्र के सपनों को साकार करें।
बीजेपी का पलटवार
दुमका मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के बयान पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि झारखंड की महिलाओं के साथ बलात्कार हुआ है। बहनों के साथ लव जिहाद हो रहा है। उसके बाद बलात्कार करने के बाद हत्या की जा रही हैं और मुख्यमंत्री जी की प्रतिक्रिया…. ऐसी घटनाएं तो होती रहती हैं। ऐसी संवेदनहीनता का परिचय झारखंड को शर्मसार करने वाला वक्तव्य है।
Report By :- ANUSHKA SHARMA, NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI