हजारीबाग बार एसोसिएशन चुनाव : वोटों की गिनती के दौरान वकीलों के बीच जमकर हाथपाई, कई गंभीर रूप से घायल
NEWS DESK, NATION EXPRESS, हजारीबाग
हजारीबाग बार एसोसिएशन के चुनाव के बाद वकीलों में जमकर मारपीट हुई है. दरअसल हजारीबाग जिले में काउंसिल के निर्देश के बाद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष समेत अन्य पदों के लिए वकीलों ने मतदान किया. मतदान के बाद वोटों की गिनती के दौरान जैसे ही बार काउंसिल के सदस्य और अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अधिवक्ता राजकुमार उर्फ राजू को 12 मतो से विजयी घोषित किया गया, वैसे ही कई अधिवक्ता उत्तेजित हो गये और आपस में मारपीट शुरू कर दी.

- Advertisement -
इस घटना में कई वकीलों को चोट भी लगी है. 12 वोटों से मामूली अंतर से जीत दर्ज करने वाले अधिवक्ता राजकुमार उर्फ राजू के निकटतम प्रतिद्वंदी जवाहर प्रसाद थे. मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज करवाई गयी है. जिसकी जांच पुलिस कर रही है. इस बीच झारखंड स्टेट बार काउंसिल के सदस्य मनोज कुमार ने काउंसिल को पत्र लिखा है.
मारपीट में शामिल वकीलों पर कार्रवाई की मांग
मनोज कुमार ने स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष से इस मामले में संज्ञान लेकर पूरी घटना की जांच करने और मारपीट में शामिल वकीलों पर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने पत्र में कहा है कि चुनाव के दौरान जिला बार एसोसिएशन के वकीलों का आचरण बिगड़ता जा रहा है. इससे वकालत के पेशे को नुकसान हो रहा है.

राजेंद्र कृष्णा ने मारपीट की घटना में शामिल वकीलों के नाम मांगे
झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष राजेंद्र कृष्णा ने बताया कि हजारीबाग सिविल कोर्ट परिसर में मतगणना के दौरान वकीलों के बीच मारपीट की घटना की जानकारी उन्हें मिली है. जिसके बाद उन्होंने इलेक्शन ऑब्जर्वर से पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के वीडियो मांगे है. काउंसिल के अध्यक्ष राजेंद्र कृष्णा ने मारपीट की घटना में शामिल वकीलों के नाम भी मांगे हैं. ऑब्जर्वर की रिपोर्ट आने के बाद मारपीट करने वाले वकीलों के खिलाफ काउंसिल कड़ी कार्रवाई कर सकता है.
Report By :- SHWETA JHA, NEWS DESK, NATION EXPRESS, हजारीबाग