झामुमो युवा मोर्चा का उपाध्यक्ष अब्दुल निकला साइबर ठग गिरोह का सरगना, UP पुलिस ने देवघर से किया गिरफ्तार
NEWS DESK, NATION EXPRESS, देवघर
देवघर झामुमो युवा मोर्चा का उपाध्यक्ष अब्दुल उर्फ मार्टिन असल में अंतर प्रांतीय साइबर ठग गिरोह का सरगना है। वह देवघर के सारठ थाना क्षेत्र के बारा गांव का रहने वाला है। उसे 5 साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की पुलिस ने कोलकाता से सोमवार को गिरफ्तार किया। प्रयागराज पुलिस की टीम उसे सारठ लेकर भी गई थी। यहां उसके कुछ अन्य साथियों की तलाश थी। इनमें से एक को देवघर से पकड़ा गया। उसके साथी देवघर के पथरोल थाना क्षेत्र निवासी बारासत अंसारी, बंगाल निवासी अंकित अग्रवाल, एके जिशान और विजय प्रसाद को पकड़ा गया है। बारासत को अब्दुल की निशानदेही पर पकड़ा गया। प्रयागराज की पुलिस ने इनके पास से ठगी में इस्तेमाल किया गया 9 मोबाइल फोन, 15 एटीएम 11 प्रीएक्टीवेटेड मोबाइल सिम और एक स्मार्ट घड़ी बरामद किया है।

- Advertisement -
चुनाव में खर्च किए थे खूब पैसे
अब्दुल के बारे में बताया जाता है कि उसने 2022 में जिला परिषद का चुनाव लड़ा था। जिसमें करीब 8900 वोट हासिल किया था। उसने काफी पैसा खर्च किया था। बताया जाता है उसके पास काफी पैसा है। गांव में एक प्राइवेट स्कूल भी खोल रखा है। उसका बड़ा गिरोह है जो झारखंड, बिहार में काम करता है। एक दर्जन साथियों को विभिन्न राज्य की पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इसके गिरोह में काम करने वाले अधिकतर युवक अभी पढ़ाई कर रहे हैं और जल्दी में अधिक पैसा कमाने के चक्कर में उसके गिरोह में शामिल हो गए हैं। अब्दुल पुलिस अधिकारियों पर एक मंत्री का धौंस जमाता था। जब भी उसका कोई साथी पकड़ा जाता था तो वह उसे छुड़ाने के प्रयास में जुट जाता था। अब्दुल के गिरोह ने ज्यादातर सेवानिवृत्त पुलिस वालों को निशाना बनाया है। इस गिरोह ने प्रयागराज के सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल भोलानाथ चौधरी के बैंक खाते से 10 लाख और धूमनगंज निवासी सेवानिवृत्त दरोगा राजकुमार के बैंक खाते से 20 लाख रुपए उड़ाया था। घटना को लेकर वहां मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज करने के बाद प्रयागराज पुलिस को जांच के दौरान अब्दुल व उसके साथिय़ों के बारे में पता चला।
Report By :- SHIVANI GUPTA, NEWS DESK, NATION EXPRESS, देवघर