NEWS DESK, NATION EXPRESS, लखनऊ
भूमाफिया से सांठगांठ और अपराधियों को संरक्षण देकर STF के सिपाही ने कमाया 35 करोड़
कानपुर में जिलाधिकारी आलोक तिवारी ने सोमवार को एसटीएफ के सिपाही चकेरी गांधीग्राम निवासी शिवेंद्र सिंह सेंगर का शस्त्र लाइसेंस निलंबित कर दिया। सिपाही को कारण बताओ नोटिस जारी कर 14 जुलाई को न्यायालय में तलब किया है कि क्यों न उसका शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया जाए।
- Advertisement -
शिवेंद्र मूल रूप से औरैया के भरतौल गांव का निवासी है। वर्तमान में उसकी तैनाती एसटीएफ के लखनऊ मुख्यालय में है। कानपुर में तैनाती के दौरान उस पर आय से अधिक संपत्ति बनाने, भूमाफिया से सांठगांठ और अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप लगे थे।
एंटी करप्शन विंग की जांच में सभी आरोप सही पाए गए। इस पर एंटी करप्शन के अधिकारियों ने उसके खिलाफ चकेरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में उसके पास 35 करोड़ रुपये की संपत्ति होने की पुष्टि हुई थी। वह विभाग को हिसाब नहीं दे सका था कि वेतन के अलावा उसके पास आय का क्या साधन है। इसी आधार पर माना गया कि भ्रष्टाचार के आरोप सही हैं। बताते हैं कि लाइसेंसी रिवॉल्वर के बल पर वह लोगों को धमकाया करता था। थाने में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया है। 14 जुलाई को वह जिलाधिकारी की कोर्ट में पेश नहीं होता तो लाइसेंस निरस्त भी किया जा सकता है।
Report By :- ADITI PANDIT, NEWS DESK, NATION EXPRESS, लखनऊ