CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
डोरंडा थाना क्षेत्र के मनीटोला भुइयां टोली में छेड़खानी के बाद हंगामा हो गया। दो पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। दोनो ओर से जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे और पत्थराव भी हुआ। सूचना मिलने के बाद डोरंडा पुलिस मौके पर पहुंची। आक्रोशित दोनो पक्ष के लोगों को शांत कराया। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
बताया जा रहा है कि मनी टोला वारसी चौक के एक युवक का बरात लौट रहा था। इस दौरान भुइयांटोली से गुजरने के दौरान दूल्हे की बहन से छेड़खानी की गई। इसके बाद युवती के पक्ष के लोग वापस भुइयांटोली पहुंचे और मौजूद युवकों से पूछताछ की। इसी बीच दोनों पक्ष के लोग उलझ और मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में दोनों पक्ष के लोग घायल हो गए। दूल्हे काे भी चोट लगी, जबकि वसीम नाम के युवक का सिर फट गया। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट व हमले का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। युवती ने पुलिस को बताया है कि उसके साथ पहले भी छेड़खानी की गई है। अक्सर परेशान किया जाता है।
- Advertisement -
मामले को संप्रदायिक रंग देने की हुई कोशिश :
घटना के बाद मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश भी की गई। हालांकि पुलिस और इलाके के अमनपसंद लोगों ने मामले को बढ़ने से बचाया। फिलहाल मामला शांत है। हालांकि एहतियात के तौर पर मनी टोला और भुइंयाटोली इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। गश्ती बढ़ा दी गई है। वरीय अधिकारी भी वहां की स्थिति पर नजर बनाए रखे हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने की अपील की है। डाेरंडा थाना प्रभारी रमेश कुमार सिंह ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Report By :- SHADAB KHAN, CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI