CRIME DESK, NATION EXPRESS, रायबरेली
रायबरेली में पांच युवकों को चौकी में बंद करके पीटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सूची चौकी इंचार्ज मृत्युंजय कुमार ने तिलक चढ़ाकर लौट रहे 5 युवकों को पहले बेरहमी से पीटा फिर उन्हीं पर मुकदमा दर्ज कर दिया। पांचों युवक दोस्त की बहन का तिलक चढ़ाकर लौट रहे थे, तभी सादे कपड़ों में बगहा चंगल के पास खड़े चौकी इंचार्ज ने उनकी कार को रोकने का इशारा किया। जब वो नहीं रुके तो आगे जाकर उन्हें 112 पुलिस की मदद से घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद एसआई ने लवकुश, शिवाकांत, राहुल, विनय कुमार और विपिन तिवारी को बुरी तरह से पीटा।
चौकी में बंद करके रातभर पीटा
- Advertisement -
रायबरेली के सलोन कोतवाली क्षेत्र के सिरसिरा गांव निवासी पांच युवकों को एसआई मृत्युंजय कुमार ने पहले मौके पर ही जमकर पीटा फिर भी मन नहीं भरा तो चौकी लाकर रातभर पट्टे और डंडों से पीटा।
CHC पहुंचने पर पुलिस की खुली पोल
पुलिस की हैवानियत की पोल उस समय खुली जब युवकों को मेडिकल के लिए सीएचसी सलोन भेजा गया। सीएचसी पहुंचे पीड़ितों के परिजनों ने जब उनके शरीर पर चोटों के निशान देखे तो उनकी सांसें फूल गईं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले में पीड़ितों को ही आरोपी बता रही है और उन्हें शराब के नशे में पुलिस के साथ अभद्रता करने का आरोपी बता रही है।
पहले की पिटाई फिर लिख दिया मुकदमा
पीड़ितों की मानें तो बगहा जंगल के पास अपनी निजी गाड़ी के साथ सादे कपड़ों में मौजूद सूची चौकी इंचार्ज मृत्युंजय कुमार ने युवकों की कार को रोकने का इशारा किया लेकिन युवकों ने उन्हें बदमाश समझकर गाड़ी नहीं रोकी। जिसके बाद चौकी इंचार्ज ने डायल-112 सूचना दी। आगे डायल 112 की टीम ने युवकों की कार को रोक लिया। इसी बीच चौकी इंचार्ज भी अपने मातहतों सहित मौके पर पहुंचे और युवकों की पिटाई शुरू कर दी। सलोन कोतवाल पंकज तिवारी ने फोन पर बताया कि युवक शराब के नशे में पीआरवी को गाली देकर भाग रहे थे। उन्हें पकड़ा गया है और उनके ऊपर धारा-151 की कार्रवाई की जा रही है।
Report By :- AFSHA ANJUM, CRIME DESK, NATION EXPRESS, रायबरेली