अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए मोरहाबादी की दुकानें हटवा रहे हैं CM हेमंत, गरीबों को उजाड़ने पर तुली है सोरेन सरकार, धारा 144 लागू
NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
मोरहाबादी में गैंगवार ने छीना 300 लोगों का रोजगार:आज से मोरहाबादी में नहीं लगंगे ठेले-खोमचे, न हरी सब्जी बिकेंगी न कुल्हड़ वाली चाय
रांची की मेयर का आरोप- सोरेन सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए गरीबों को उजाड़ने पर तुली है
ठेला-खोमचा वालों को 24 घंटे के भीतर अपना सामान समेटने का आदेश दिया है
रांची की मेयर आशा लकड़ा ने शनिवार को कहा है कि CM हेमंत सोरेन के आदेश के बाद मोरहाबादी मैदान से ठेला खोमचा वालों को हटाया जा रहा है।गोलीबारी की घटना के बाद CM अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए गरीबों की दुकान हटा रहे हैं। क्या शहर को अपराधमुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री की यही सोच है?
- Advertisement -
मेयर ने कहा कि गोलीबारी की घटना की आड़ में राज्य सरकार उन्हें उजाड़ने का काम कर रही है। पूर्व CM रघुवर दास के कार्यकाल में गरीबों को उजाड़ने से पहले उन्हें बसाने की तैयारी की गई थी। लेकिन सोरेन सरकार गरीबों को उजाड़ने पर तुले हुए हैं।

मेयर की मांग- दुकानदारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था हो
दरअसल, शुक्रवार दुकानों के हटाने के रांची नगर निगम के इस फरमान के बाद संबंधित दुकानदारों ने मेयर के आवास के बाहर धरने पर बैठ गए। अपनी रोजी-रोटी के लिए न्याय की गुहार लगाई। मेयर ने सरकार से मांग की है कि अगर मोरहाबादी मैदान के इर्द-गिर्द आपराधिक तत्वों की अड्डेबाजी हो रही है तो इन दुकानदारों को किसी अन्य स्थल पर शिफ्ट करने की व्यवस्था की जाए। गरीब दुकानदारों को उजाड़ने से आपराधिक समस्याओं का समाधान नहीं हो सकता।
अपनी जिम्मेदारियों से पीछे हट रहे हैं CM
मेयर ने कहा कि CM हेमंत सोरेन के जिम्मे गृह मंत्रालय भी है। राज्य के 24 जिलों की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी उनके ऊपर है। लेकिन वे अपनी जिम्मेदारी से न सिर्फ पीछे हट रहे हैं, बल्कि अपनी खामियों को छिपाने के लिए गरीब दुकानदारों को प्रताड़ित कर रहे हैं। जब तक अपराधियों के मन-मस्तिष्क में पुलिस का खौफ नहीं होगा, तब तक आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाना संभव नहीं होगा।
मोरहाबादी मैदान में धारा-144 लगा दिया गया
हाई सिक्योरिटी जोन मोरहाबादी मैदान में गुरुवार को हुई फायरिंग के बाद 300 लोगों का रोजगार छीन लिया गया है। घटना के बाद CM हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को एक हाईलेवल बैठक बुलाई। इसके बाद रांची जिला प्रशासन की तरफ से इस पूरे इलाके को नो वेंडिंग जोन घोषित कर दिया। ठेला-खोमचा वालों को 24 घंटे के भीतर अपना सामान समेटने का आदेश दिया है ।
मोरहाबादी मैदान के आसपास अब किसी प्रकार की कोई दुकानें नहीं लगेंगी। न ठेले-खोमचे लगेंगे। न यहां कुल्हड़ वाली चाय बिकेंगी। न ही हर सब्जियां मिलेंगी। पूरे मोरहाबादी मैदान में धारा-144 लगा दिया गया है। यहां धरना, प्रदर्शन, जुलूस, रैली पर भी रोक लगा दी गई है।
फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं
प्रशासन की तरफ से फिलहाल इन दुकानदारों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। रांची नगर निगम के नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने बताया कि जब तक मरोहबादी व आसपास के इलाकों में बन रहे वेंडिंग जोन तैयार नहीं हो जाते हैं तब तक उनके लिए फिलहाल कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। नगर आयुक्त ने बताया कि इसके कार्य में तेजी लाया जाएगा। नगर आयुक्त ने शनिवार को इसके लिए इंजीनियरों को तलब किया है।
ठेले-खोमचे के सहारे ही 300 परिवारों का हो रहा भरण-पोषण
जिला प्रशासन के इस आदेश के बाद मोरहाबादी के लगभग तीन सौ से अधिक परिवार प्रभावित होंगे। दुकानदारों ने बताया इसी ठेले, खोमचे के सहारे उनके बच्चों की पढ़ाई, भरण- पोषण व उनकी अन्य जरूरतें पूरी होती हैं।
गुरुवार को हुआ था गैंगवार
गुरुवार को मोरहाबादी में कालू लामा और लवकुश शर्मा गैंग के बीच गैंगवार हुआ था। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग में कालू लामा मारा गया । इसके बाद प्रशासन की नींद खुली। लॉ एंड ऑर्डर को ध्यान में रखकर मोरहबादी में लगने वाली दुकानों को खाली कराने का आदेश जारी किया गया।
Report By :- ADITI PANDIT, NEWS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI