लोहरदगा में नक्सलियों के खिलाफ पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी : मारा गया 5 लाख का कुख्यात इनामी नक्सली बालक गंझू
CRIME DESK, NATION EXPRESS, लोहरदगा
लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के बुलबुल जंगल और लोहरदगा-लातेहार जिले के सीमावर्ती जमुनिया पानी, नारायणपुर जंगल में एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। बुधवार को दो बार नक्सलियों का सुरक्षा बलों से आमना- सामना हुआ। पहली मुठभेड़ सुबह हुई। दूसरी मुठभेड़ दोपहर करीब दो बजे हुई। इसमें एक कुख्यात नक्सली मारा गया है। दावा किया जा रहा है कि मरने वाले नक्सली का नाम बालक गंझू है। उस पर 5 लाख रुपए का इनाम था। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 100 राउंड गोलियां चली हैं।
इस दौरान नक्सलियों के हथियार और अन्य सामान बरामद हुए हैं। लगातार 8 दिनों ने पुलिस और CRPF की अलग-अलग टीमें इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है। अब तक इस ऑपरेशन में नक्सलियों की ओर से लगाए गए विस्फोटक की चपेट में आकर 3 जवान घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद सुरक्षा बलों का हौसला कमजोर नहीं पड़ा। लगातार मिशन जारी रखा गया। इसमें हेलिकॉप्टर की भी मदद ली गई।
- Advertisement -

बुधवार को मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों की ओर से की गई फायरिंग के बाद सुरक्षा बल के जवानों ने मोर्टार और बम भी दागे। नक्सलियों को लक्ष्य कर की गई कार्रवाई में सुरक्षा बलों को यह सफलता मिली। मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब आधे घंटे तक फायरिंग हुई धमाकों की आवाज कई किलोमीटर दूर तक जंगली-पहाड़ी क्षेत्र में सुनाई देती रही।
कहा जा रहा है कि नक्सलियों के दस्ते के दो-तीन सदस्य पानी लेने के लिए नाले के पास आए हुए थे। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंच गए। इस दौरान नक्सलियों की ओर से सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाईं।

पुलिस सूत्रों की मानें तो बुलबुल जंगल और नारायणपुर जंगल के बीच नक्सलियों का दस्ता फंस गया है। उनके पास रसद-पानी भी खत्म हो चुका है। कोई भी बाहरी मदद नहीं मिल रही है । ऐसे में नक्सली किसी तरह से बचे रहने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि भोजन पानी की तलाश में बाहर निकलने पर हर दिन उनका सामना सुरक्षाबलों से हो जा रहा है।
कोबरा के जवान भी इसी ताक में हैं। यह रणनीतिक बनाई गई है कि जैसे ही नक्सली बाहर निकलें और वह उन्हें घेर लिया जाए। बता दें कि विगत 8 फरवरी से लेकर अब तक सुरक्षा बलों की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ की यह पांचवी घटना है। इस इलाके में भाकपा नक्सलियों के रीजनल कमांडर रवींद्र गंझू, जोनल कमांडर छोटू खेरवार, जोनल कामंडर बलराम उरांव, सब जोनल कमांडर रंथू भगत का दस्ता सक्रिय है।
Report :- SNEHA SINGH, CRIME DESK, NATION EXPRESS, लोहरदगा