हेमंत सोरेन की कुर्सी लड़खड़ाई, तो भाजपा लेने लगी अंगड़ाई, शह-मात का खेल शुरू, झारखंड में राजनीतिक गतिविधियां अचानक तेज, BJP ने शुरू की चुनाव की तैयारी, बाबूलाल दिल्ली तलब
POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
हेमंत सोरेन की कुर्सी लड़खड़ाई, तो भाजपा लेने लगी अंगड़ाई, सियासी हालात पर पैनी निगाहें
प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां अचानक तेज
झारखंड में चढ़ा सियासी पारा
झारखंड में विधायकों को तोड़कर सरकार गिराने की कोशिश में जुटी है बीजेपी, सीएम हेमंत सोरेन का आरोप
भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी दिल्ली गए। रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से वे झारखंड की राजनीतिक स्थितियों पर मंत्रणा कर सकते हैं। केंद्रीय नेतृत्व द्वारा बीजेपी विधायक दल नेता बाबूलाल मरांडी को अचानक दिल्ली बुलाए जाने को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
- Advertisement -

दिल्ली जाने के पूर्व गिरिडीह के दौरे पर गए बाबूलाल मरांडी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर हमलावर रहे हैं। मरांडी ने हेमंत सोरेन को बर्खास्त करने की मांग करते हुए कहा है कि यह देश का पहला मामला है, जब एक मुख्यमंत्री ने खुद के नाम पर स्टोन माइंस आवंटित करा लिया है। यह भ्रष्टाचार और अनैतिक आचरण का बड़ा नमूना है।
गौरतलब है कि इस विषय पर झारखंड में इन दिनों सियासी हलचल तेज है। शह-मात का खेल प्रारंभ हो चुका है। राज्यपाल के हस्तक्षेप के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने भी मुख्य सचिव को पत्र भेजकर उक्त स्टोन माइंस के कागजात की सत्यता के बारे में जानकारी मांगी है। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस मसले को उठाया था। शुरुआत में पार्टी इस मुद्दे पर चुप रही, पर अब जबकि कई एजेंसियां इस बाबत सक्रिय हो चुकी हैं, प्रदेश नेतृत्व भी इस विषय को लेकर मुख्यमंत्री के खिलाफ पूरी तरह हमलावर हो चुका है। इन सब के बीच बाबूलाल मरांडी के दिल्ली दौरे पर प्रेक्षकों की निगाहें जम गई हैं।
![]()
भाजपा ने शुरू की चुनाव की तैयारी, हर 60 वोटर पर बना रही पन्ना समिति
जहां झामुमो, कांग्रेस और राजद स्टोन माइंस मामले में स्पष्ट रूप से अपना पक्ष नहीं रख पा रहे हैं, वहीं भाजपा ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी हर 60 वोटर पर एक समिति बना रही है। हालांकि इस तैयारी को भाजपा के शीर्षस्थ नेता वर्ष 2024 की तैयारी बता रहे हैं, पर साथ में यह भी कहते हैं कि राजनीति का माहौल जिस तरह बदल रहा है, उसमें कुछ भी नहीं कहा जा सकता। ऐसे में वे अपनी तैयारी समय से पूर्व पूरी कर लेना चाहते हैं। भाजपा का लक्ष्य सभी गांवों के सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों को एक साथ जोड़ने का है।

माइक्रो मैनेजमेंट पर पार्टी कर रही काम, हर वोटर तक पहुंचने की बनाई जा रही रणनीति
प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में माइक्रो मैनेजमेंट पर काम चल रहा है। राज्य के हर वोटर तक पहुंचने की रणनीति बनाई गई है। पहले पन्ना प्रमुख बनाए जाते थे, पर इस बार पन्ना समिति बन रही हैं। मतदाता सूची के एक पन्ने में शामिल 60 लोगों में से समिति बनेगी। उस समिति के माध्यम से पन्ने के सभी वोटरों तक पहुंच बनाई जाएगी।
Report By :- RUPALI SINHA, POLITICAL DESK, NATION EXPRESS, RANCHI