रांची पहुंची भारत-न्यूजीलैंड की टीम : 27 जनवरी को JSCA स्टेडियम में होगा T-20 मैच, आज खेलेगी अभ्यास मैच
SPORTS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
इंडिया और न्यूजीलैंड की टीम रांची पहुंची। एयरपोर्ट से लेकर होटल रेडिशन ब्लू फैन्स ने खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया। खिलाड़ियों को अरगोड़ा के रास्ते होटल रेडिशन ब्लू लाया गया। यहां खिलाड़ियों को देखने के लिए खेलप्रेमियों की भीड़ जमा थी। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रेडिशन ब्लू के सामने बांस की बल्ली लगाकर खिलाड़ियों के बस को होटल के गेट तक लाने की व्यवस्था की गयी थी। वहीं अरगोड़ा चौक से होटल तक बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी।
आज खेलेगी अभ्यास मैच
27 जनवरी को टी 20 सीरिज का पहला मैच खेला जाना है। इस मैच से पहले आज दोनों टीमें अलग-अलग सत्र में (दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे तक) अभ्यास करेंगी। 27 जनवरी को शाम 7.30 बजे से जेएससीए स्टेडियम में मैच खेला जायेगा। सीरीज का दूसरा टी-20 मैच लखनऊ में 29 जनवरी और तीसरा मैच एक फरवरी को अहमदाबाद में खेला जायेगा।
- Advertisement -
इंडियन टीम के लिए लकी रहा है जेएससीए
जेएसससीए स्टेडियम इंडियन टीम के लिए लकी साबित हुआ है। अब तक यहां तीन टी-20 मुकाबले हुए हैं और तीनों में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की है। 12 फरवरी 2016 को यहां भारत और श्रीलंका के बीच पहला टी-20 मैच खेला गया, जिसमें भारत ने 69 रन से जीत दर्ज की। सात अक्तूबर 2017 को भारत ने दूसरे टी-20 मैच में डकवर्थ-लुईस पद्धति से ऑस्ट्रेलिया को नौ विकेट से हराया। 19 नवंबर 2021 को भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया था।
जेएसससीए की तैयारी पूरी
इस मैच के आयोजन को लेकर जेएससीए ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। टीमों के प्रैक्टिस मैच के लिए प्रैक्टिस पिच तैयार कर लिया गया है। वहीं कल रात फ्लड लाइट भी जांची गयी है। पूरे मैदान की जांच कर ली गयी है। वहीं सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लोगों के प्रवेश से लेकर खिलाड़ियों की सुरक्षा तक का मुआयना कर लिया गया है।
Report By :- PALLAVI CHOUDHRY, SPORTS DESK, NATION EXPRESS, RANCHI