NEWS DESK, NATION EXPRESS, अमृतसर
पंजाब के अमृतसर में एक व्यक्ति गनपॉइंट पर ट्रैफिक जाम हटाता हुआ नजर आया। भीड़ भरी सड़क पर जब जाम लगा तो शख्स ने अपने जेब से रिवॉल्वर निकाल ली और हाथ में लहराते हुए लोगों को हटाने लगा। रिवॉल्वर देखकर लोग डर के मारे सड़क से किनारे हटने लगे लगे और शख्स अपने रास्ते निकल गया। हालांकि इस दौरान फायरिंग जैसी कोई घटना नहीं हुई।
![]()
- Advertisement -
इस दौरान किसी दूसरे शख्स ने वीडियो बना लिया। जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। अभी यह भी पता नहीं चल सका है कि रिवॉल्वर लाइसेंसी है या फिर अवैध। कार में आया था, जाम से गुस्से में आया पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक यह घटना रविवार दोपहर अमृतसर के पुतलीघर मार्केट की है। यहां एक व्यक्ति कार में आया था। इस दौरान वहां काफी देर तक जाम लगा रहा। जब आगे से गाड़ियां नहीं हटीं तो उसका गुस्सा फूट पड़ा। वह कार से निकला और लोगों को गाड़ियां हटाने के लिए कहा।
जब किसी ने नहीं सुनी तो उसने रिवॉल्वर निकाल ली। इसके बाद वह रिवॉल्वर को आगे लहराकर गाड़ियां हटाने को कहता रहा। इसे देखकर वहां गाड़ियां रोककर खड़े लोग भी डर गए। उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ियां हटा लीं। थोड़ी देर में उसने ट्रैफिक क्लियर करवा दिया।
किसी पर रिवॉल्वर नहीं तानी, लेकिन डराता रहा
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि व्यक्ति के हाथ में रिवॉल्वर है। वह रिवॉल्वर पकड़े हाथ से ही इशारे कर गाड़ियों को चलने के लिए कह रहा है। उसके हाथ में रिवॉल्वर देख दोनों तरफ की रुकी हुई गाड़ियां भी तेजी से चल रही हैं। हालांकि इस दौरान वह किसी पर रिवॉल्वर तानता हुआ नजर नहीं आ रहा। इलाके के दुकानदार भी इस बारे में कुछ कहने से कतरा रहे हैं। पुलिस अपने स्तर पर व्यक्ति की पहचान कर रही है।
अतिक्रमण की वजह से यहां जाम

अमृतसर के पुतलीघर मार्केट में लंबे वक्त से ट्रैफिक समस्या है। यहां दुकानों के अतिक्रमण की वजह से ट्रैफिक जाम रहता है। पुलिस कई बार यहां से अतिक्रमण हटवाती है, लेकिन उसके जाते ही स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। रविवार को भी रिवॉल्वर निकालने वाले व्यक्ति को इसी हालत से गुजरना पड़ा।
पंजाब में हथियारों के प्रदर्शन पर सख्ती
पंजाब में CM भगवंत मान की अगुआई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने हथियारों के प्रदर्शन पर रोक लगा रखी है। यहां तक कि सोशल मीडिया पर हथियार समेत फोटो डालने वालों पर केस दर्ज किए जा रहे हैं। अब दिनदहाड़े रिवॉल्वर निकालने की वजह से पुलिस तेजी से उस व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है।
गाड़ी का पता करने के लिए CCTV कैमरे खंगाल रही पुलिस
एसीपी वेस्ट कंवलप्रीत सिंह का कहना है कि आरोपी के बारे में पता किया जा रहा है। वहीं एसएचओ कैंट खुशबू शर्मा ने बताया कि वीडियो मिलने के बाद से ही आरोपी का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी व उसके व्हीकल की पहचान की जा सके।
Report By :- SHREYA SINGH, NEWS DESK, NATION EXPRESS, अमृतसर