Nation express
ख़बरों की नयी पहचान

हेमंत सोरेन भेजे गए जेल : जमीन घोटाले मामले में ED ने 13 दिनों तक पूछताछ की, चैट स्वीकारा पर हस्ताक्षर से किया इंकार

0 380

CITY DESK, NATION EXPRESS, RANCHI

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भेज दिया गया है। जमीन घोटाले मामले में गिरफ्तार हेमंत सोरेन को कस्टडी में लेकर ईडी की टीम ने 13 दिनों तक पूछताछ की। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद गुरुवार को हेमंत सोरेन को रांची स्थित स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। जिसके बाद हेमंत सोरेन को न्यायिक हिरासत में होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया गया। हेमंत सोरेन को ईडी ने तीन बार में 13 दिनों तक रिमांड पर लेकर लंबी पूछताछ की। विशेष अदालत से पहली बार पांच दिनों का रिमांड मिला, दूसरी बार भी पांच दिन और तीसरी बार तीन दिनों तक रिमांड पर लेकर पूछताछ की अनुमति मिली थी।

झारखंड के पूर्व CM हेमंत सोरेन को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया। - Dainik Bhaskar

- Advertisement -

कल्पना सोरेन ने हेमंत सोरेन से मुलाकात की

इधर, ईडी दफ्तर में हेमंत सोरेन से उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने उनसे मुलाकात की। हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन के बीच करीब आधे घंटे तक मुलाकात हुई। इससे पहले कल्पना ने अपने शादी की सालगिरह और पिछले रविवार को मुलाकात की थी। उधर, हेमंत सोरेन के खिलाफ हो रही ईडी की कार्रवाई को लेकर जेएमएम ने न्याय यात्रा शुरू की है।

वॉट्सऐप चैट स्वीकारा पर हस्ताक्षर से इनकार

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रांची जमीन घोटाले में ईडी को हेमंत सोरेन के करीबी विनोद सिंह के मोबाइल से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली। विनोद सिंह के मोबाइल से जो चैट मिले हैं, उसे हेमंत सोरेने ने स्वीकार किया है। लेकिन इससे जुड़े दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं किए। यह भी जानकारी मिली है कि ईडी की ओर से उनसे कई बार मांगने के बाद भी हेमंत सोरेन ने अपना मोबाइल एजेंसी को नहीं दिया। ईडी को विनोद सिंह के दो अलग-अलग मोबाइल से 539 और 210 पन्नों का चैट मिला था। इस दौरान ईडी की ओर से विनोद सिंह से भी पूछताछ हुई। गुरुवार को भी विनोद सिंह ईडी ऑफिस पहुंचे और कुछ कागजात पर हस्ताक्षर कर वापस लौट गए।

रिमांड खत्म होने पर हेमंत सोरेन को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया।

कोर्ट में ED ने दिया साक्ष्य – बताया जमीन हेमंत सोरेन की
प्रवर्तन निदेशालय ने हेमंत सोरेन की पीएमएलए कोर्ट में पेशी के दौरान कोर्ट को बताया कि पूछताछ के दौरान हेमंत सोरेन के सामने बड़गाई अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद के मोबाइल से मिले 8.46 एकड़ जमीन के साक्ष्य को रखा गया लेकिन उन्होंने पूछताछ में सहयोग नहीं किया। उन्होंने सही तथ्यों को सामने नहीं लाया। बरियातू की जिस 8.46 एकड़ जमीन पर अवैध तरीके से कब्जे की कोशिश मामले में हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया है उस पर हेमंत का कब्जा था इसकी पुष्टि भी हो चुकी है।

Ranchi:आज पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की 13 दिनों की रिमांड पूरी, कोर्ट  में किए जाएंगे पेश,न्यायिक हिरासत में भेजे जा सकते हैं होटवार स्थित ...

जमीन के केयर टेकर ने भी की है पुष्टि
प्रवर्तन निदेशालय ने अदालत को बताया कि 20 अप्रैल 2023 को ED को बड़गाई अंचल अधिकारी, राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, सर्कल अमीन और अन्य की उपस्थिति में उस जमीन का सर्वे किया गया था। सबने ED को बताया कि वह जमीन हेमंत सोरेन की है। उस जमीन पर कंक्रीट और पत्थर की चारदीवारी की गई है। जमीन के केयरटेकर संतोष मुंडा ने भी ED को बताया कि जब चारदीवारी बन रही थी तब वह मजदूर था। बाउंड्री के बाद वह चौकीदार बन गया। वह चार से पांच हजार प्रतिमाह वेतन ले रहा था बाद में यह राशि मिलनी बंद हो गई। उसने बताया कि दो-तीन बार हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन जमीन पर आ चुकी हैं।

Report By :- SHWETA JHA / PRITI SINHA, CITY DESK, NATION EXPRESS, RANCHI

Leave A Reply

Your email address will not be published.

GA4|256711309