ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने ‘वक्फ बचाओ, संविधान बचाओ’ के तहत रांची सहित पुरे देश में सड़क आंदोलन करने की घोषणा की
NATIONAL DESK, NATION EXPRESS, NEW DELHI / RANCHI
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने हाल ही में पारित वक्फ संशोधन विधेयक को इस्लामी मूल्यों और संविधान के खिलाफ करार दिया है. AIMPLB देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू करेगा, जिसमें कानूनी चुनौती और सड़क आंदोलन शामिल हैं. “वक्फ बचाओ, संविधान बचाओ” नारे के साथ यह अभियान बकरीद तक चलेगा, जिसमें युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है. विरोध प्रदर्शन राज्यों की राजधानियों और जिला स्तर पर होंगे, राष्ट्रपति और गृह मंत्री को ज्ञापन सौंपे जाएंगे.
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (एआईएमपीएलबी) ने हाल ही में संसद द्वारा पारित वक्फ संशोधनों को इस्लामी मूल्यों, धर्म और शरीयत, धार्मिक और सांस्कृतिक स्वतंत्रता, सांप्रदायिक सद्भाव और भारतीय संविधान की आधारभूत संरचना पर गंभीर हमला बताया है. एआईएमपीएलबी ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों द्वारा भाजपा के सांप्रदायिक एजेंडे को दिए गए समर्थन ने उनके तथाकथित धर्मनिरपेक्ष मुखौटे को पूरी तरह से उजागर कर दिया है. इसके साथ ही एआईएमपीएलबी ने देशव्यापी आंदोलन का भी ऐलान किया है.
- Advertisement -

ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने जोर देकर कहा कि वह सभी धार्मिक, समुदाय-आधारित और सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय करके इन संशोधनों के खिलाफ एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन का नेतृत्व करेगा और यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक कि संशोधन पूरी तरह से निरस्त नहीं हो जाते.

‘वक्फ बचाओ, संविधान बचाओ’ कैंपेन की होगी शुरुआत
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने कहा है कि वह वक्फ संशोधन विधेयक के खिलाफ कानूनी और सड़क दोनों तरह से लड़ेगा अगले सप्ताह से देशव्यापी विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा. जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे और गृह मंत्री और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा.

बोर्ड ने वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ आंदोलन के पहले चरण का ऐलान किया. यह एक जुमे से दूसरे जूमे तक चलाया जाएगा. अभियान का नाम ‘वक्फ बचाओ, संविधान बचाओ’ रखा जाएगा. दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु, विजयवाड़ा, मलप्पुरम, पटना, रांची, मलेरकोटला और लखनऊ जैसे शहरों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन होंगे.
![]()
तालकटोरा स्टेडियम में शुरू होगा विरोध प्रदर्शन
कार्यक्रम दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में शुरू होगा. कार्यक्रम का पहला चरण बकरीद तक चलेगा. AIMPLB ने युवाओं से इन विरोध प्रदर्शनों में सक्रिय रूप से भाग लेने और यह सुनिश्चित करने की अपील की है कि ये शांतिपूर्ण हों. AIMPLB ने वक्फ संशोधनों के खिलाफ देशव्यापी अभियान की घोषणा की.
बयान के अनुसार, “बोर्ड ने भारत के मुस्लिम समुदाय को आश्वस्त किया कि निराशा या हताशा की कोई आवश्यकता नहीं है. नेतृत्व इस मामले में किसी भी बलिदान से पीछे नहीं हटेगा और देश में न्याय चाहने वाली सभी ताकतों के साथ मिलकर इन दमनकारी संशोधनों के खिलाफ संवैधानिक ढांचे के भीतर एक मजबूत आंदोलन शुरू करेगा. ये भावनाएं और विचार आज बोर्ड के पदाधिकारियों और विशेष आमंत्रितों की एक बैठक में व्यक्त किए गए.”

देशव्यापी आंदोलन का किया ऐलान
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव मौलाना मुहम्मद फजलुर रहीम मुजद्दिदी ने कहा कि बोर्ड बिल का विरोध करने के लिए सभी रास्ते अपनाएगा. उन्होंने कहा, “बोर्ड न केवल इन भेदभावपूर्ण और अन्यायपूर्ण संशोधनों को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने के लिए कानूनी रास्ता अपनाएगा, बल्कि विरोध के सभी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीकों का भी इस्तेमाल करेगा, जिसमें प्रदर्शन, काली पट्टी बांधने जैसे प्रतीकात्मक विरोध, साथी नागरिकों के साथ गोलमेज बैठकें और प्रेस कॉन्फ्रेंस शामिल हैं.”

AIMPLB के बयान के अनुसार, “हर राज्य की राजधानी में मुस्लिम नेतृत्व प्रतीकात्मक गिरफ्तारियां देगा और जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे. इन विरोध प्रदर्शनों के समापन पर संबंधित जिला मजिस्ट्रेट और कलेक्टरों के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति और गृह मंत्री को ज्ञापन सौंपे जाएंगे.”
Report By :- ANUJA AWASTHI / PALAK TIWARI, NATIONAL DESK, NATION EXPRESS, NEW DELHI / RANCHI