NEWS DESK, NATION EXPRESS, छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में लॉकडाउन के दौरान कलेक्टर को युवक को कथित तौर पर थप्पड़ मारना भारी पड़ गया। कलेक्टर को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि किसी भी अधिकारी का शासकीय जीवन में इस तरह का आचरण स्वीकार्य नहीं है। इस घटना से क्षुब्ध हूं मैं नवयुवक व उनके परिजनों से खेद व्यक्त करता हूं।
सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, “सोशल मीडिया के माध्यम से सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा द्वारा एक नवयुवक से दुर्व्यवहार का मामला मेरे संज्ञान में आया है। यह बेहद दुखद और निंदनीय है। छत्तीसगढ़ में इस तरह का कोई कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर रणबीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं.”
- Advertisement -
सोशल मीडिया के माध्यम से सूरजपुर कलेक्टर रणबीर शर्मा द्वारा एक नवयुवक से दुर्व्यवहार का मामला मेरे संज्ञान में आया है।
यह बेहद दुखद और निंदनीय है। छत्तीसगढ़ में इस तरह का कोई कृत्य कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर रणबीर शर्मा को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं।
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) May 23, 2021
दवा लाने जा रहा था युवक
गौरतलब है कि शनिवार को सूरजपुर में लॉकडाउन के दौरान एक युवक पर्चा लेकर दवाई लेने मेडिकल स्टोर जा रहा था। इसी बीच कलेक्टर रणवीर शर्मा लॉकडाउन का जायजा ले रहे थे। इस दौरान सड़कों पर लोगों की आवाजाही देख वह गुस्साए गए। उनकी नजर युवक पर पड़ी। उन्होंने अपने सुरक्षा गार्डों से उसे रोकने को कहा। जब वह युवक कलेक्टर के पास आया तो वह मोबाइल पर दवा वाला पर्चा दिखाने लगा।
कलेक्टर ने युवक को जड़ा थप्पड़
इससे नाराज कलेक्टर रणबीर शर्मा ने उसे थप्पड़ जड़कर मोबाइल नीचे फेंक दिया। थोड़ी देर बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। रविवार को मुख्यमंत्री ने संज्ञान लेते हुए कलेक्टर को हटाने के निर्देश दे दिए।
पुलिस कर्मियों ने युवक की डंडे से पिटाई भी की
वीडियो के अनुसार बाद में कलेक्टर ने युवक को थप्पड़ भी मारा. इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी और अधिकारी वहां पहुंचे और दो पुलिस कर्मियों ने युवक की डंडे से पिटाई कर दी. वीडियो में कलेक्टर द्वारा युवक की पिटाई का आदेश देते हुए सुना जा सकता है. वीडियो के वायरल होने के बाद कलेक्टर ने घटना के लिए माफी मांग ली है तथा कहा है कि लोग नियमों का पालन करें.
लोग नियमों का पालन करें और घर पर ही रहें
कलेक्टर ने बयान में कहा, “इस महामारी की स्थिति में सूरजपुर जिले समेत पूरे छत्तीसगढ़ राज्य को अपूरणीय क्षति का सामना करना पड़ रहा है. राज्य सरकार के हम सभी सरकारी कर्मचारी इस समस्या से निपटने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं.” कलेक्टर शर्मा ने कहा है कि वह और उनकी मां भी कोरोना वायरस से संक्रमित थे. उन्होंने कहा है कि वह अब ठीक हो गए हैं, लेकिन मां अब भी संक्रमित है. उन्होंने बताया कि घर पर ही उनकी मां का इलाज चल रहा है.
शर्मा ने कहा है कि वह जिले के सभी निवासियों से अपील करते हैं कि कोविड के उचित व्यवहार का पालन करें और घर पर ही रहें. इससे पहले कलेक्टर ने कहा था कि युवक मोटरसाइकिल में तेज गति से जा रहा था तथा उसने दुर्व्यवहार भी किया था.
Report By :- ANKITA SINGH, NEWS DESK, NATION EXPRESS, छत्तीसगढ़