वेज की जगह नॉनवेज बिरयानी देने पर बवाल ! चौपाटी रेस्टोरेंट के मालिक विजय की गोली मारकर हत्या, कांके रोड जाम
CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI
Hotel operator shot- रांची में कांके-पिठोरिया रोड पर स्थित होटल ‘शेफ चौपाटी’ के संचालक विजय कुमार नाग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधी चार से पांच की संख्या में थे और वारदात को अंजाम देने के बाद पिठोरिया की दिशा में भाग निकले।
रांची के पॉश इलाकों में शुमार कांके रोड स्थित चौपाटी रेस्टोरेंट में शनिवार देर रात गोलियों की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट के मालिक विजय बैठा को कुछ युवकों ने गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली चलने की आवाज सुनकर जब लोग रेस्टोरेंट की ओर दौड़े तो कुछ युवक बाहर भागते दिखे, जबकि विजय जमीन पर गिर पड़े थे। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
- Advertisement -

बिरयानी के पार्सल विवाद ने लिया खतरनाक मोड़
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हत्या का कारण महज बिरयानी का पार्सल विवाद था। सूत्रों के अनुसार, अभिषेक नामक युवक ने चौपाटी से वेज बिरयानी पैक करवाई थी। घर पहुंचने पर जब उसे पैकेट में नॉन वेज बिरयानी मिली तो उसने रेस्टोरेंट संचालक विजय को फोन कर बहस की। इसके बाद देर रात वह सीधे दुकान पहुंच गया और वहां दोनों के बीच नोकझोंक होने लगी। इसी दौरान गुस्से में आकर अभिषेक ने पिस्टल निकालकर विजय के सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही विजय मौके पर गिर पड़े और आरोपी भाग निकला।
आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम
घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। रविवार सुबह मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने चौपाटी रेस्टोरेंट के सामने सड़क जाम कर दी और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। आक्रोशित भीड़ ने कुछ समय के लिए आवागमन रोक दिया, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद आवागमन सामान्य हुआ।

जांच में जुटी पुलिस
रेस्टोरेंट में गोलीबारी की घटना की जांच शुरू कर दी गई है. हर एंगल से इसकी जांच की जा रही है. घटना में शामिल अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्दी की अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. प्रवीन पुष्कर, ग्रामीण एसपी, रांची

पुलिस की कार्रवाई और जांच का सिलसिला
घटना के बाद रांची पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। आरोपी की धरपकड़ के लिए कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। रेस्टोरेंट के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
इसी बीच, इस घटना ने रांची के कारोबारी और होटल व्यवसायी वर्ग में दहशत पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि एक मामूली विवाद के चलते हुई हत्या से शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठता है। फिलहाल पुलिस ने अभिषेक को पकड़ने के लिए कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। यह घटना शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताओं को जन्म देती है, और उम्मीद की जा रही है कि पुलिस जल्द ही आरोपी को पकड़कर न्याय सुनिश्चित करेगी।
Report By :- ADITI PANDIT, CRIME DESK, NATION EXPRESS, RANCHI