CM हेमंत सोरेन के दिल्ली आवास पर ईडी का छापा : क्या आज गिरफ्तार होंगे हेमंत सोरेन ? गिरफ्तारी के बाद राज्यपाल राष्ट्रपति शासन की कर सकते हैं सिफारिश
NEWS DESK, NATION EXPRESS, नई दिल्ली / RANCHI
दावा किया जा रहा है कि राज्य में खराब कानून व्यवस्था का हवाला देकर बीजेपी राष्ट्रपति शासन के लिए भी सियासी पिच तैयार कर रही है.
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार सुबह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित आवास और झारखंड भवन में दस्तक दी. सोरेन फिलहाल दिल्ली में ही हैं. वह 27 जनवरी की शाम करीब आठ बजे चार्टर्ड प्लेन से रांची से दिल्ली गए थे. खबर है कि उन्होंने वहां ईडी की कार्रवाई को लेकर अपने वकीलों और विधि- विशेषज्ञों से कानूनी परामर्श किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी की टीम के साथ दिल्ली पुलिस भी है. अटकलें लगाई जा रही हैं कि सोरेने की गिरफ्तारी भी हो सकती है.
- Advertisement -

10वीं बार भेजा गया समन
बीते 25 जनवरी को ईडी ने सोरेन को दसवीं बार समन भेजकर पूछा था कि वे 29 या 31 जनवरी के बीच कब पूछताछ के लिए उपलब्ध होंगे. एजेंसी ने सोरेन से यह भी कहा था कि समन पर अगर वे नहीं उपस्थित होते हैं तो उसकी टीम खुद उनके पास पहुंचेगी.

पहले भी कर चुकी है पूछताछ
रांची के बड़गाईं अंचल में करीब 8.46 एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में ईडी ने सोरेन से बीते 20 जनवरी को उनके आवास पर करीब सात घंटे तक पूछताछ की थी. एजेंसी इसी मामले में आगे कई और बिंदुओं पर पूछताछ करना चाहती है. बड़गाईं अंचल के जमीन घोटाले में ईडी आईएएस अधिकारी छवि रंजन सहित डेढ़ दर्जन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.

अगस्त 2023 में भेजा था पहला समन
इस मामले में ईडी ने सोरेन को सबसे पहला समन भेजकर 14 अगस्त, 2023 को उपस्थित होने को कहा था. सोरेन ने इस पर लिखित जवाब दिया और समन को गैरकानूनी बताते हुए उपस्थित नहीं हुए थे. एजेंसी ने इसके बाद भी उन्हें समन भेजना जारी रखा. सोरेन ईडी के समन के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट भी गए, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली. आखिरकार ईडी के आठवें समन पर उन्होंने बीते 20 जनवरी को पूछताछ के लिए उपलब्ध होने पर सहमति जताई थी और तब एजेंसी की टीम ने उनके आवास पहुंचकर पूछताछ की थी. इस बीच दूसरी तरफ राजधानी रांची में सीएम आवास समेत कई अन्य स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. जगह जगह अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है.

हेमंत अगर जेल गए तो मौजूद हैं तीन विकल्प
इस बीच रांची में बीजेपी पदाधिकारियों की बैठक हुई और उसमें मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा हुई. हेमंत सोरेन के जेल जाने की सूरत में फिलहाल तीन विकल्प दिख रहे हैं.पहला तो ये कि हेमंत किसी भरोसेमंद विधायक को सीएम बनाएं. दूसरा ये कि पत्नी कल्पना सोरेन को प्रदेश की बागडोर सौंपें. तीसरा ये कि संवैधानिक संकंट की स्थिति बताकर राज्यपाल राष्ट्रपति शासन की सिफारिश कर दें.
राष्ट्रपति शासन के भी संकेत दे रहें बीजेपी नेता
पहली और दूसरी कोशिश हेमंत सोरेन कर सकते हैं तो तीसरी कोशिश में बीजेपी के नेता लगे हुए हैं. इसके संकेत देते हुए झारखंड बीजेपी के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में खराब कानून व्यवस्था का हवाला दिया और कहा कि यहां राष्ट्रपति शासन लगना चाहिए.
Report By :- MADHURI SINGH / KHUSHBOO SHARMA, NEWS DESK, NATION EXPRESS, नई दिल्ली / RANCHI